
मस्तूरी गोलीकांड : कांग्रेस नेता समेत दो आरोपी अरेस्ट, अब तक 9 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
बिलासपुर. मस्तूरी क्षेत्र में 28 अक्टूबर को जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के निजी ऑफिस के सामने फायरिंग मामले में पुलिस ने नकाबपोश हमलावरों के दो और साथियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कांग्रेस नेता अकबर खान है। बता दें कि इस मामले में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें दो नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों से 3 देसी पिस्टल, 2 कट्टा, 6 मैगजीन, 5 मोबाइल और 13 खाली खोखे जब्त किए गए हैं।
आरोपी देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन और कांग्रेस नेता अकबर खान को आज गिरफ्तार किया गया। आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के कारण फायरिंग की गई थी। मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत और उसके भाइयों ने जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह को मारने की साजिश रची थी। इस घटना में नितेश सिंह के साथी राजू सिंह व चंद्रभान सिंह को गोली लगी थी, दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों पर अब संगठित अपराध धारा 111 BNS का शिकंजा कसा जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में ACCU (सायबर सेल) और मस्तूरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने घटना के बाद 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक-एक कर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- विश्वजीत अनंत (29 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा
- अरमान उर्फ बलमजीत अनंत (29 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा
- चाहत उर्फ विक्रमजीत अनंत (19 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा
- मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस (29 वर्ष), निवासी भारतीय नगर, सिविल लाइन
- मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू (22 वर्ष), निवासी अटल आवास, कोनी
- देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन
- कांग्रेस नेता अकबर खान
- दो नाबालिग



