राजनांदगांव: मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और डिप्टी सीएम विजय शर्मा राजनांदगांव सर्किट हाउस पहुंचे. पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि यूरिया की किल्लत जल्द दूर की जाएगी. विजय शर्मा ने कहा कि 2 दिनों के भीतर खाद की खेप आ रही है.
राजनांदगांव दौरे पर स्पीकर और डिप्टी सीएम: जिला पंचायत सभा कक्ष में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेने के लिए दोनों नेता पहुंचे थे. दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की.
धर्मांतरण केस पर बोले डिप्टी सीएम: गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर हमारी राय अभी भी वही है. कोई अगर अपना धर्म अपनी स्वेच्छा से बदलना चाहता है तो ये उसकी मर्जी है. लेकिन अगर कोई अवैध तरीके से और लालच देकर कराता है तो कानून अपना काम करेगा. नन की गिरफ्तारी और जमानत मिलने पर जब डिप्टी सीएम से सवाल पूछा गया तो उनका कहना था कि मामला कोर्ट में है कोर्ट अपना काम करेगा.
खाद की कमी होगी दूर: डिप्टी सीएम ने कहा कि छुरिया में जो यूरिया की कमी थी उसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा. खाद की किल्लत नहीं रहेगी. 2 दिनों के भीतर खाद वहां पहुंच जाएगी.
पंचायत भवन में समीक्षा बैठक: जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक के दौरान जिले के विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में गृहमंत्री ने अधिकारियों से चर्चा की. शासन की विभिन्न योजनाओं और अन्य योजनाओं के संबंध जानकारी भी ली. बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, जिला पंचायत सीईओ जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.