
सक्ती ग्राम अंडी में हुई हत्या के बाद शव को जलाने के मामले में पुलिस ने दो हत्यारे तथा हत्या के लिए फिरौती देने वाले आरोपी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं एक मुख्य आरोपी फरार है। ग्रामीण की हत्या करने के लिए गांव की सरपंच के पति ने ही डेढ़ लाख रुपए में सुपारी दी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त किया है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी। मालखरौदा पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के अंडी के भरत लाल भारद्वाज (67 वर्ष) की हत्या कर उसके शव को पेट्रोल डालकर जला दिया गया था। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था।
एसपी अंकिता शर्मा ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए टीआई राजेश चंद्रवंशी और एसआई चंद्रप्रकाश कंवर की टीम बनाई थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा था। इसी दिशा में पुलिस ने विवेचना शुरू की तो यह जानकारी मिली कि अंडी के सरपंच पति विजय भारद्वाज के साथ भरत लाल भारद्वाज का विवाद था। पुलिस ने विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने दो अन्य साथियों बरतुंगा निवासी नंदकुमार लहरे उर्फ नंदू और जमगहन निवासी हिमांशु खूंटे के साथ मिलकर भरत लाल भारद्वाज की हत्या करने का षड़यंत्र रचा था।



