
बिलासपुर में चला नगर निगम का बुलडोजर:22 दुकानों के 15 अवैध शेड और हटाए गए 7 चबूतरे
हाथ जोड़ते नजर आए दुकानदार
बिलासपुर के शनिचरी रोड पर शुक्रवार को नगर निगम के बुलडोजर ने 22 से अधिक दुकानों के चबूतरे और अवैध रूप से लगाए गए शेड हटा दिए। जैसे ही निगम की बुलडोजरी कार्रवाई शुरू हुई अवैध रूप से शेड और चबूतरे बनाकर दुकान बढ़ाने वाले दुकानदार बचाव में हाथ जोड़ने लगे।
दरअसल वाल्मीकि चौक से बिलासा चौक, हैप्पी स्ट्रीट और मछली मार्केट तक के दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान बाहर रखने, अवैध रूप से शेड, चबूतरे बनाने के कारण वाहनों को आवागमन के लिए जगह कम पड़ती है, जिसके कारण रोज जाम की नौबत रहती है।
हैप्पी स्ट्रीट तक पहुंचना आसान होगा
नगर निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ते के प्रभारी प्रमिल शर्मा ने बताया कि निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर शनिचरी रोड पर आवागमन सुचारू करने के लिए शाम को कार्रवाई की गई।
निगम अमले ने शास्त्री हाई स्कूल की बाउंड्री पर बनाई गई पार्किंग से लेकर हैप्पी स्ट्रीट, बिलासा चौक तक लगातार कार्रवाई की, ताकि शाम को सैर के लिए हैप्पी स्ट्रीट और खरीदारी के लिए मार्केट आने जाने वालों को आसानी हो सके। ये कार्रवाई पुलिस के संयुक्त सहयोग से की गई।
पार्किंग का बेजा कब्जा हटाया
शास्त्री हाई स्कूल के मैदान की बाउंड्री के किनारे निगम द्वारा बनाई गई पार्किंग पर कई दुकानदार अवैध रूप से शेड लगाकर दुकानदारी कर रहे थे। आरोप है कि ये दुकानें निगम अमले की सांठगांठ से अरसे से चल रही थी।
शुक्रवार को निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पार्किंग की सारी दुकानों के शे़ड हटा दिए गए। मौके पर लगी दुकान के मटके, टोकरी और अन्य सामान निगम अमले ने जब्त कर लिया।

बुलडोजर कार्रवाई के बाद चौड़ी नजर आई शनिचरी रोड
वाल्मीकि चौक से बिलासा चौक तक 50 फुट चौड़ी सड़क है, परंतु दुकानदारों के बेजा कब्जा और दुकान का सामान सड़क पर सजाने की होड़ के चलते यह 30 फुट में सिमट गई थी। निगम अमले का बुलडोजर चलने के बाद रोड खुला और चौड़ाई बढ़ी हुई नजर आई।
बड़ा सवाल यह है कि शनिचरी रो़ड पर अवैध चबूतरे और शेड निर्माण के दौरान निगम ने कार्रवाई क्यों नहीं की? यदि सभी सड़कों पर बेजा कब्जा के दौरान ही कार्रवाई की जाए तो ट्रैफिक की 50 फीसदी समस्या हल हो सकती है।



