
10वीं-12वीं के 13 हजार छात्र रिजल्ट से नाखुश:30 हजार से ज्यादा कॉपियों का दोबारा होगी जांच
छत्तीसगढ़ में 10वीं 12वीं के रिजल्ट के लिए 24 मई तक रिवैल्यूएशन, रिचेकिंग का आवेदन लिया जाएगा। दोनों क्लास के 13 हजार से ज्यादा छात्रों ने इसे लेकर फॉर्म भी भर दिया है। यानी उनका मानना है कि, कॉपियों की जांच सही नहीं हुई है। 10वीं और 12वीं क्लास को मिलाकर 6 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी।
CGBSE की ओर से 9 मई को रिजल्ट 10वीं और 12वीं के परिणाम जारी किए थे। अब 13 हजार छात्रों ने जो फॉर्म भरा है उसके मुताबिक, 28 हजार से ज्यादा कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन (Revaluation) होगा। वहीं 3 हजार से ज्यादा कॉपियों के लिए रिटोटलिंग की भी मांग हैं। यानी मूल्यांकनकर्ताओं ने जो नंबर दिए हैं उसे सही से जोड़ा गया है या नहीं, इसे चेक किया जाएगा।
10वीं के लिए 4698 और 12वीं के लिए 8773
दसवीं के लिए 4698 छात्रों ने रिवैल, रिटोटलिंग और आंसरशीट की छायाप्रति के लिए आवेदन किया है। इन आवेदन के आधार पर 9647 कॉपियों का फिर से जांच होगी। रिटोटलिंग के तहत 1325 कापियों में जो नंबर दिए गए हैं, उन्हें जोड़े जाएंगे। जबकि 1047 छात्रों को आंसरशीट दी जाएगी।
इसी तरह बारहवीं के लिए 8773 छात्रों ने आवेदन किया है। इसमें रिवैल के तहत 18717 उत्तर पुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन होगा। 1973 कॉपियों की रिटोटलिंग होगी। छात्रों से मिले आवेदन के तहत अलग-अलग विषयों की 2008 आंसरशीट छात्रों को दी जाएगी।
आवेदन 24 तक, फीस में छूट भी
रिजल्ट जारी होने के अगले दिन से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। आवेदन की अंतिम तारीख 24 मई है। इसमें पुनर्मूल्यांकन, पुनर्गणना और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति के लिए अलग-अलग फॉर्म भरे जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के अलावा छात्र पास के प्रमुख सरकारी स्कूलों से भी आवेदन कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन के लिए शुल्क प्रति विषय 500 रुपए है। वहीं पुनर्गणना के लिए प्रति विषय 100 रुपए की फीस है। इसके अलावा उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति के लिए भी प्रति विषय 500 रुपए फीस है।
पुनर्मूल्यांकन के लिए तय फीस में 50 फीसदी छूट भी दी जा रही है। यह बीजापुर, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडगांव, नारायणपुर, सुकमा, बलरामपुर, राजनांदगांव, खैरागढ़, मानपुर, मोहला और आदिवासी बहुल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए है। हालांकि, पुनर्गणना और आंसरशीट की कॉपी के आवेदन शुल्क में छूट नहीं है।
रीटोटलिंग में एक नंबर भी बढ़ा तो मिलेगी नई मार्कशीट
दसवीं-बारहवीं में रिवैल के लिए आवेदन करने के बाद कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन किया जाता है। इसमें कॉपियों में 10 प्रतिशत नंबर बढ़ते हैं, तब ही नई अंकसूची मिलेगी। वहीं दूसरी ओर रिटोटलिंग में एक नंबर भी कम या ज्यादा होता है तो फिर यह अंक जुड़ेगा और छात्रों को नई मार्कशीट मिलेगी।



