
ममता बनर्जी ने महाकुंभ को बताया ‘मृत्यु कुंभ’, बढ़ा विवाद
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को विधानसभा में बोलते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में कथित कुप्रबंधन के लिए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना की.
इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा, “महाकुंभ ‘मृत्यु कुंभ’ में बदल गया है.” ममता बनर्जी ने सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा, “मैं महाकुंभ का सम्मान करती हूं, मैं पवित्र गंगा मां का सम्मान करती हूं, लेकिन कोई योजना नहीं है…कितने लोग बरामद हुए हैं?…अमीरों, वीआईपी के लिए 1 लाख रुपये तक के कैंप (टेंट) पाने की व्यवस्था उपलब्ध है. गरीबों के लिए कुंभ में कोई व्यवस्था नहीं है…मेले में भगदड़ की स्थिति आम है, लेकिन व्यवस्था करना महत्वपूर्ण है. आपने क्या योजना बनाई थी?”
उन्होंने कहा,”महाकुंभ में मची भगदड़ में कई लोग मारे गए. यूपी सरकार ने कितना मुआवजा दिया? भगदड़ में मरने वाले पश्चिम बंगाल के लोगों का पोस्टमार्टम नहीं कराया. अगर हमें मौत का सही कारण नहीं पता तो सरकार ने मुआवजा कैसे दिया? उस सरकार (यूपी की) ने मौत का कारण नहीं बताया.”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी को बांग्लादेशी कट्टरपंथियों के साथ उनके संबंध होने के आरोपों को साबित करने की चुनौती दी और कहा कि अगर पार्टी ऐसा साबित करने में सक्षम है तो वह इस्तीफा दे देंगी. ममता बनर्जी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके विधायकों द्वारा उन पर बांग्लादेशी कट्टरपंथियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाने की शिकायत करेंगी.
बंगाल विधानसभा में बोलते हुए सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भाजपा विधायकों को नफरत फैलाने और लोगों को विभाजित करने की अनुमति नहीं देती है.


