
TMC ने कांग्रेस पर फिर किया बड़ा हमला, बोली- Congress को सिर्फ अडानी ही दिख रहा है, संसद में 13वें दिन भी विपक्ष का प्रदर्शन जारी
संसद के शीतकालीन सत्र के 13वें दिन गुरुवार को भी विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा जारी रहा। संसद के बाहर गुरुवार को विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने ‘देश नहीं बिकने देंगे’ का पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। वहीं बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने संसद परिसर में सोनिया और जॉर्ज सोरोस के पोस्टर लहराए और सवाल पूछा कि आखिर सोनिया गांधी का क्या संबंध है? प्रदर्शन के बीच टीएमसी ने एक बार फिर से कांग्रेस पर निशाना साधा है। साथ ही सदन नहीं चलने देने का भी आरोप लगाया।
टीएमसी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, “बीजेपी और कांग्रेस नहीं चाहती कि संसद चले। हम चाहते हैं कि सदन चले और पश्चिम बंगाल में बहुत सारी समस्याएं हैं। वहीं कांग्रेस सिर्फ अडानी पर अटकी हुई है। केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल सरकार को फंड नहीं दे रही है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पीएम मोदी के विकल्प के रूप में उभरेंगी।
संसद के बाहर विपक्ष का अडाणी को लेकर प्रदर्शन
संसद के बाहर गुरुवार को विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने ‘देश नहीं बिकने देंगे’ का पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही अडाणी मामले की जांच JPC से कराने की मांग की। अमेरिका में उद्योगपति गौतम अडाणी समेत 8 लोगों पर अरबों रुपए की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी ऑफिस का कहना है कि अडाणी ने भारत में सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को 265 मिलियन डॉलर (करीब 2200 करोड़ रुपए) की रिश्वत दी या देने की योजना बना रहे थे।



