
बिलासपुर में पति ने अपनी पत्नी की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी, जिसके बाद उसकी लाश को नहर किनारे छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
खमतराई स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास बुधवार को नहर किनारे महिला की लाश पड़ी थी। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला के शरीर पर संघर्ष से जख्म के निशान भी मिले। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी।

गोदना के निशान से महिला की हुई पहचान
जांच के दौरान महिला के हाथ में गोदना का निशान मिला। जिसमें “एके” लिखा हुआ था। महिला नाइटी पहने थी, जिससे यह भी तय हो गया कि महिला आसपास की है। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान करने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों ने महिला की पहचान बंगालीपारा निवासी दुर्गा उर्फ ऐश्वर्या खैरवार (30) पति संतोष खैरवार के रूप में की। पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला कि महिला का खमतराई में पुराना मकान है। यहां पुलिस ने उसके पति की तलाश की। लेकिन, वो गायब मिला।
पति के गायब होने पर हुआ शक
पुलिस ने शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया। शार्ट पीएम रिपोर्ट में महिला का गला दबाकर हत्या करने की जानकारी सामने आई। इधर, पति के गायब होने पर पुलिस को उस पर शक हुआ। जिसके बाद पुलिस ने संदेही संतोष खैरवार की जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि वह मूलत: मस्तूरी क्षेत्र के एरमसाही का रहने वाला है। लिहाजा, पुलिस ने उसके गांव में दबिश दी। जिसके बाद घेराबंदी कर संतोष को पकड़ लिया।



