
डोंगा कोहरौद के प्रभारी प्राचार्य हटाए गए, बच्चों से स्कूल पुताई कराने के साथ कई गंभीर आरोपों की पुष्टि
जांजगीर चांपा: पामगढ़ ब्लॉक के डोंगा कोहरौद गांव के महात्मा फुलेबा राव आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी कारवाई की है. प्रभारी प्राचार्य पर आरोप है कि उन्होंने 10वीं कक्षा के छात्र छात्राओं से प्रैक्टिकल में नंबर ज्यादा देने का झांसा देते हुए स्कूल में पुताई कराया.
डीओई की गठित टीम जांच के पहुंची स्कूल
डोंगाकोहरौद के हाई स्कूल का बच्चों से पोताई कराने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने पामगढ़ बीईओ को जांच के निर्देश दिए. पामगढ़ एसडीएम और तहसीलदार की टीम स्कूल पहुंची और छात्र छात्राओं से बात की. छात्रों ने बताया कि प्रभारी प्राचार्य ने पुताई नहीं करने पर कम प्रेक्टिकल नंबर देने की धमकी दी थी. जिसके कारण उन्हें उनकी बात माननी पड़ी.
जांच में कई आरोपों की पुष्टि
इसके अलावा भी डोंगाकोहरौद के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर पर कई गंभीर आरोपों की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी को मिली. बोर्ड परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली, खेल यूनिफार्म खरीदी के लिए छात्रों पर दबाव, प्रायोजन कार्य में लापरवाही बरतने की भी पुष्टि हुई. जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ए के सिन्हा ने प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को डोंगा कोहरौद स्कूल से हटा कर हाई स्कूल भुईगांव में व्याख्याता के पद पर भेज दिया.
वही इस मामले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कुंज किशोर के विरुद्ध अनुशासत्मक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन राज्य संचालक लोक शिक्षण संचालनालय इंद्रावती भवन रायपुर भेज दिया है.



