
नहर में गिरी पिकअप : एक शव बरामद, दो मासूम सहित 4 लापता
कोरबा । पड़ोसी जिले के सक्ती रेड़ा से लगभग 2 दर्जन लोग छड्ट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उरगा खरहरी आ रहे थे कि तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में पलट गयी। हादसे के होते ही मौके पर अफरा तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। वाहन में सवार लगभग 19 लोग तैर कर नहर से सुरक्षित बाहर आ गए लेकिन 5 लोग लापता हो गए। आनन फानन में पुलिस की मदद से रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर नहर में बहे महिला और बच्चों की तलाश गोताखोरों की मदद से की जा रही थी। देर शाम को एक महिला का शव पड़ोसी जिले से बरामद कर लिया गया है। जबकि 4 लोग अभी भी लापता हैं। घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जिला सक्ती थाना बाराद्वार के ग्राम रेड़ा निवासी लगभग 25 लोग पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 10 सी 7720 में सवार होकर रविवार की सुबह छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरहरी रवाना हुए थे। परिवार के लोग पिकअप के डाला में बैठकर उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी-जर्वे के पास सुबह लगभग 11.30 ग्राम मुकुंदपुर के पास पहुंचे ही थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरे तरफ बने नहर में जा गिरी।
इतवारी बाई की मिली लाश
हादसे के होते ही पिकअप वाहन में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई और किसी तरह परिवार के लोग नहर में तैर कर बाहर निकल पाये। वहीं पिकअप में सवार ईतवारी बाई 60 वर्ष, तान्या साहू 8 वर्ष, नमन 2 वर्ष, मानमती कंवर 70 वर्ष और जामबाई कंवर 70 वर्ष नहर के तेज बहाव में बह गये। इस हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी व उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी नगर सेना के गोताखोरों के साथ पुलिस की टीम रेस्क्यू में जुट गयी। घंटों मशक्कत के बाद शाम को पड़ोसी जिले सक्ती नगरदा नहर से लापता इतवारी बाई के लाश को जीरो पाइंट नहर से बरामद कर लिया गया है।



