
सुकमा जिले में गुरुवार को नक्सलियों ने नक्सली हिडमा के गांव में स्कूली छात्र की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वह स्कूल से लौट रहा था। बीच रास्ते नक्सलियों ने उसे उठाया और उस पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाकर उसे मार डाला। स्कूल यूनिफॉर्म पहने उसकी लाश मिली है। मामला जगरगुंडा थाना क्षेत्र का है।
छात्र का नाम सोयम शंकर (16) है, ये पूवर्ती गांव का ही रहने वाला था। 14 अगस्त को स्कूल गया था। शाम के समय लौट रहा था। इसी बीच नक्सलियों ने अगवा कर लिया। पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी।
15 अगस्त को जंगल में मिली लाश
बताया जा रहा है कि रात में यह जब घर नहीं आया तो परिजन इसे ढूंढने के लिए निकले। 15 अगस्त को जंगल में इसकी लाश मिली। यह स्कूल यूनिफॉर्म पहन हुआ था। इसके बाद इस मामले की जानकारी फौरन पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बड़े भाई की भी हुई थी हत्या
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले नक्सलियों ने सोयम शंकर के बड़े भाई की हत्या की थी। उस पर भी पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाया था। गांव के जंगल में नक्सलियों ने उसे दौड़ा-दौड़ा कर मारा था। एक महीने के अंदर ही अब सोयम को मार दिया गया है।
15 दिन पहले बहन की भी हुई मौत
करीब 15 दिन पहले छात्र सोयम शंकर की बहन की भी मौत हुई थी। हालांकि ये कोई नक्सली घटना नहीं थी, बल्कि मेडिकल इश्यू की वजह से उसकी जान गई थी। एक महीने के अंदर एक ही परिवार से तीन अर्थियां उठी हैं।
जहां हत्या हुई, वह हिडमा का इलाका
सुकमा जिले के जिस पूवर्ती गांव में छात्र की हत्या हुई है, यह नक्सली कमांडर हिडमा का वर्चस्व वाला इलाका है। यहां पर सुरक्षाबलों ने कैंप स्थापित कर दिया है, जिसके बाद से थोड़ी बहुत शांति है, लेकिन फिर भी नक्सलियों की सुगबुगाहट रहती है।



