
पुष्पक एक्सप्रेस में आग की अफवाह से कूदे कई यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आए, 8 की मौत
जलगांव के पास हुआ हादसा
यह हादसा जलगांव की पाचोरा तहसील के परधाडे गाव के पास हुआ। जिलाधिकारी ने 7 से 8 लोगों के हताहत होने की जानकारी दी है। बता दें कि पुष्पक एक्सप्रेस मुंबई सीएसटी की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया है।
स्पार्किंग के बाद फैली अफवाह
वरिष्ठ रेल अधिकारी ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि ‘पुष्पक एक्सप्रेस के एक डिब्बे के अंदर ‘हॉट एक्सल’ या ‘ब्रेक-बाइंडिंग’ (जैमिंग) के कारण चिंगारी उठी, जिससे कुछ यात्री घबरा गए। उन्होंने जंजीर खींची और उनमें से कुछ पटरी से नीचे कूद गये। उसी समय बगल के ट्रैक से दूसरी ट्रेन गुजर रही थी।’
बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा
नासिक के डिविजनल कमिश्नर प्रवीण गेडाम ने कहा कि ‘हादसे के बाद एसपी, कलेक्टर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। डीआरएम और रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। घटनास्थल पर 8 एंबुलेंस पहुंच चुकी हैं।’
उन्होंने कहा कि ‘रेस्क्यू वैन और अतिरिक्त एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच रही हैं। अभी तक 8 लोगों की मौत की खबर है, लेकिन ये आंकड़ा अभी बढ़ सकता है।’



