
महाराष्ट्र के मंत्री को ‘रमी गेम’ खेलना पड़ा महंगा, सीएम फडणवीस ने छीना कृषि मंत्री पद, विधानसभा सत्र के दौरान गेम खेलते वीडियो हुआ था वायरल
महाराष्ट्र ‘रमी गेम’ विवाद में फंसे NCP (अजित पवार गुट) के नेता माणिकराव कोकाटे को गेम खेलना महंगा पड़ गया है। सीएम फडणवीस ने माणिकराव कोकाटे को कृषि मंत्री पद से हटा दिया है। हालांकि उनसे कृषि मंत्रालय लेकर तुरंत खेल और अल्पसंख्यक विभाग सौंपा गया। वहीं दत्तात्रेय भरणे को नया कृषि मंत्री नियुक्त किया गया है। यह निर्णय राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी एक अधिसूचना में लिया गया।
बता दें किकोकाटे तब विवादों में आ गए थे जब महाराष्ट्र विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे मोबाइल पर ऑनलाइन ‘रमी’ गेम खेलते हुए दिखे थे। यह वीडियो शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार और जितेंद्र आव्हाड द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। इससे पहले, कोकाटे उस समय भी आलोचना के घेरे में आए थे जब उन्होंने किसानों की तुलना भिखारियों से कर दी थी, जिससे राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई थी।

हालांकि माणिकराव कोकाटे ने आरोपों को नकारते हुए कहा था कि वह केवल एक पॉप-अप बंद कर रहे थे, रमी गेम नहीं खेल रहे थे। उन्होंने आलोचकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी थी, लेकिन एक विधायी जांच में खुलासा हुआ कि वे करीब 18 से 22 मिनट तक मोबाइल गेम में संलग्न थे, जबकि उन्होंने सिर्फ 10-15 सेकंड की बात कही थी।
कोकाटे ने मांगी थी माफी
विपक्ष द्वारा डिप्टी सीएम अजित पवार से कोकाटे के इस्तीफे की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन कोकाटे को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। उन्होंने माफ़ी मांगी और आगे ऐसा न करने का वादा किया था।



