
आज से महंगी होगी शराब, जमीन की रजिस्ट्री
प्रॉपर्टी टैक्स में देना पड़ेगा फाइन, फास्टैग के नियम में बदलाव; CBSE की कक्षाएं शुरू
फाइनेंशियल ईयर खत्म होने के साथ अब आम आदमी के लिए नए बदलाव देशभर में होने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इन बदलाव का बड़ा असर है। स्थानीय स्तर पर शराब के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। देसी शराब में प्रति पाव 10 रुपए की वृद्धि हुई है। अंग्रेजी शराब के दाम में 20 से 300 रुपए तक की बढ़ोतरी होगी। जमीन की रजिस्ट्री महंगी हो रही है।
छत्तीसगढ़ में अब प्रॉपर्टी खरीदना भी महंगा होगा। प्रॉपर्टी टैक्स नहीं देने पर फाइन लगेगा। इस महीने महतारी वंदन की रकम जारी होगी। आज से CBSE के स्कूल लगेंगे। आम आदमी से जुड़ी किन व्यवस्थाओं में किस तरह के बदलाव हो रहे हैं

प्रॉपर्टी में 30% वाली छूट खत्म
पूरे प्रदेश में 1 अप्रैल से जमीन की कीमतें बढ़ेगी। कलेक्टर गाइडलाइन में दी जा रही 30% की छूट को इस साल खत्म किया जा रहा है। इसे ऐसे समझिए कि 2018-19 में जयस्तंभ चौक से शास्त्री चौक तक की जमीन की सरकारी कीमत 10428 रुपए प्रति वर्ग फुट थी, 30% की छूट की वजह से दाम 7300 प्रति वर्ग फुट हुआ। अब कीमत फिर से 10428 प्रति वर्ग फुट या इससे अधिक होगी।

जमीन की सरकारी दर बढ़ाने की वजह से, मार्केट रेट बढ़ेगा। अब मकान, डुप्लेक्स, बंगले और फ्लैट की कीमतें भी बढ़ जाएगी। कांग्रेस सरकार ने कलेक्टर गाइडलाइन में 30% की छूट देने का फैसला 25 जुलाई 2019 को किया था। भाजपा की सरकार इसे आगे जारी नहीं रखेगी।
इसे लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि 30% की छूट की वजह से प्रदेश के किसानों को नुकसान हो रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए इसे खत्म किया जा रहा है। विभागीय अधिकारों ने बताया कि इससे विभाग का राजस्व बढ़ जाएगा। भाजपा सरकार का फोकस राजस्व बढ़ाने की ओर अधिक है।

प्राइवेट स्कूल बढ़ा रहे फीस
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रमुख राजीव गुप्ता ने दैनिक भास्कर को बताया कि CBSE प्राइवेट स्कूलों की फीस में भी बढ़ोतरी हुई है। 5 से 8 प्रतिशत सभी प्राइवेट स्कूलों ने फीस बढ़ा दी है। 1 अप्रैल से सीबीएसई स्कूल की कक्षाएं भी शुरू की जा रही हैं।

महतारी वंदन
2 से 3 अप्रैल तक प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन का पैसा मिलेगा। अप्रैल के इस महीने में बढ़ रही महंगाई से ये रकम कुछ राहत का काम करेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया है कि वित्तीय वर्ष के तकनीकी कारणों के चलते 3 तारीख तक रकम जारी होगी अन्यथा ये पैसे 1 अप्रैल को ही जारी किए जाने थे।
LPG गैस के दाम
हर महीने की पहली तारीख को LPG गैस की कीमतों में बदलाव होता है। कई बार कीमतें स्थिर रहती हैं तो कुछ महीने उसमें बढ़ोतरी देखने को मिल जाती है। इसी तरह 1 अप्रैल को भी इसमें बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर कीमतें बढ़ती हैं तो इसका असर जनता की जेब पर पड़ेगा। हालांकि चुनावी महीना होने की वजह से जनता राहत की उम्मीद बांधे बैठी है।

फास्टैग केवाईसी
एनएचएआई ने लोगों से 1 अप्रैल से पहले केवाईसी अपडेट करने को कहा था। ऐसा न करने पर आपके फास्टैग अकाउंट को डीएक्टिवेट कर दिया जाएगा। इसके बाद आपके खाते में भले ही पैसे हो लेकिन आप अपने टोल का भुगतान नहीं कर पाएंगे। ऐसे में आपको 1 अप्रैल से पहले केवाईसी अपडेट कराना जरूरी है।



