
लिव-इन में रह रहे बुजुर्ग कपल को हाथी ने कुचला
सूरजपुर में तड़के घर को तोड़ा; बाहर निकले तो पटक-पटककर मार डाला
सूरजपुर जिले में सोमवार तड़के करीब 4 बजे दो दंतैल हाथियों ने बुजुर्ग दंपती को कुचलकर मार डाला। रात में पति-पत्नी जंगल किनारे बसे कच्चे मकान में सो रहे थे। तभी हाथी पहुंच गए और घर को भी तोड़ दिया। बताया जा रहा दोनों लंबे समय से लिव इन में रह रहे थे। वृद्ध का एक बेटा है वहीं वृद्धा का भी एक पुत्र है। दोनों को 25 हजार रुपए की राशि दी गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत दरहोरा की है। हरिधन (79) और पत्नी नन्ही (65) जंगल किनारे घर बनाकर रह रहे थे। रात में हाथियों ने घर की सीट को हिलाया तो डरकर दोनों घर से बाहर निकल आए। जिससे हाथियों ने दोनों को कुचल दिया। घर तोड़कर अंदर रखे अनाज भी खा गए। तोड़फोड़ और चिंघाड़ सुनकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया, तो हाथी पास के ही जंगल में घुस गए। सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची। जिसके बाद वन अमले को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। हाथियों की मौजूदगी की सूचना नहीं देने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रतापपुर क्षेत्र में रेंजर और वन अधिकारी भी नहीं रहते हैं।
एसडीओ फॉरेस्ट अशुतोष भगत ने बताया कि बुजुर्ग दंपती को मारने वाले दो दंतैल हाथियों में एक हाथी सीतापुर लुंड्रा से अंबिकापुर होते हुए प्रतापपुर पहुंचा है। दूसरा दंतैल वाड्रफनगर क्षेत्र में विचरण कर रहे 34 हाथियों के दल से अलग होकर प्रतापपुर आया है। करीब 15 दिनों से हाथी गणेशपुर, सिंघरा और सरहरी के जंगल में विचरण कर रहे थे।




