
पूर्व विधायक बृहस्पत की पार्टी में वापसी के खिलाफ कांग्रेसी
सैलजा-सिंहदेव पर बयानबाजी के बाद हुए थे सस्पेंड; सरगुजिहा नेता बोले-अच्छा संदेश नहीं जाएगा
कांग्रेस से निलंबित नेताओं की लोकसभा चुनाव से पहले वापसी हो रही है। कांग्रेस में पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल और बिलासपुर के मेयर रामशरण यादव समेत कुछ नेताओं का निलंबन खत्म हो गया है। इधर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह का भी निलंबन समाप्त करने की संभावना को देखते हुए सरगुजा के कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, सरगुजा जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, अंबिकापुर महापौर डॉ अजय तिर्की ने साफ कर दिया है कि बृहस्पत सिंह की वापसी स्वीकार्य नहीं होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में विनय जायसवाल, रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह, सामरी विधायक चिंतामणि महाराज और प्रतापपुर विधायक डॉ प्रेमसाय सिंह का टिकट कट गया था।

6 साल के लिए पार्टी ने किया था निलंबित
इनमें से चिंतामणि महाराज ने बगावत करते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया था और अब वे सरगुजा से लोकसभा प्रत्याशी हैं। वहीं, नाराज विनय जायसवाल और बृहस्पत सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। 12 दिसंबर 2023 को कांग्रेस ने दोनों नेताओं को 6 सालों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था।
भूपेश बघेल और दीपक बैज से की थी मुलाकात
करीब एक महीने पहले बृहस्पत सिंह और विनय जायसवाल ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से उनके घर जाकर मुलाकात की थी। इस दौरान निलंबन कार्रवाई को वापस लेने पर भी चर्चा हुई। दोनों को प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से मंथन कर जल्द ही इस पर फैसला लेने का आश्वासन मिला था।
इनमें डॉ विनय जायसवाल का निलंबन समाप्त कर दिया गया है, लेकिन बृहस्पत सिंह का निलंबन अभी बरकरार है।
कांग्रेसी बोले- बृहस्पत की वापसी ठीक नहीं
बृहस्पत सिंह ने टिकट काटने को लेकर तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा और डिप्टी सीएम रहे टीएस सिंहदेव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने दोनों नेताओं के खिलाफ जमकर बयानबाजी की थी। अब बृहस्पत की वापसी के कयासों पर कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया है।
प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि बृहस्पत सिंह ने जो टीका-टिप्पणी की थी, वो मर्यादा के पार थी। पार्टी में अगर उनकी वापसी होगी, तो अच्छा संदेश नहीं जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरेगा। जमीनी स्तर पर इसका विपरीत असर पड़ेगा।
महापौर तिर्की बोले- बृहस्पत ने पार्टी के खिलाफ काम किया
अंबिकापुर महापौर और विधानसभा चुनाव में रामानुजगंज के कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉ अजय तिर्की ने कहा कि बृहस्पत सिंह ने चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम किया। रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने कांग्रेस कैंडिडेट को हराने के लिए बीजेपी कैंडिडेट के साथ एक गाड़ी में घूमकर काम किया।
पिछले 5 सालों में उन्होंने टीएस सिंहदेव और दूसरे नेताओं पर गलत आरोप लगाए। इसका नुकसान कांग्रेस को हुआ। ऐसे व्यक्ति को पार्टी में बिल्कुल वापस नहीं आना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भी बृहस्पत की वापसी के खिलाफ
सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि बृहस्पत सिंह की वापसी स्वीकार्य नहीं होगी। बृहस्पत सिंह ने कभी कांग्रेस के लिए जिम्मेदारी के साथ काम नहीं किया। पहले भी उन्होंने कांग्रेस पार्टी से अलग होकर चुनाव लड़ा था। इस बार भी उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ काम किया।
उन्होंने पार्टी के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की। उनके आने से कई लोग घर में बैठ जाएंगे।
बृहस्पत बोले- वापसी को लेकर कोई जानकारी नहीं
रामानुजगंज से कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि पार्टी में वापसी को लेकर मुझे कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में मुझे कोई सूचना नहीं दी गई है।

लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के निलंबित पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल की वापसी हो गई है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के अनुमोदन के बाद विनय जायसवाल का निलंबन समाप्त कर दिया गया है। वहीं बिलासपुर मेयर रामशरण यादव का निलंबन समाप्त हो गया है।



