
आग में बुरी तरह जले 42 भारतीयों के शव, DNA टेस्ट से हो सकेगी पहचान; विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन कुवैत रवाना
खाड़ी देश कुवैत के मंगफ इलाके में बुधवार को एक श्रमिक आवास सुविधा में आग लगने से लगभग 42 भारतीयों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह गुरुवार की सुबह कुवैत के लिए रवाना हो गए। राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह गुरुवार (13 जून) को कुवैत पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करेंगे।
विदेश मंत्री जयशंकर ने कुवैत के विदेश मंत्री से बात की
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या से बातचीत की और घटना में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने का आग्रह किया। जयशंकर ने कहा कि उन्हें आश्वासन दिया गया है कि घटना की पूरी जांच की जाएगी। विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “कुवैती विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या से कुवैत में आग लगने की घटना के बारे में बात की। इस संबंध में कुवैती अधिकारियों द्वारा की गई कोशिश से अवगत कराया। आश्वासन दिया गया कि घटना की पूरी जांच की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।” घटना में जान गंवाने वालों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने का आग्रह किया। उन्होंने (कुवैती विदेश मंत्री) इस बात पर जोर दिया कि घायलों को जरूरी इलाज की सुविधा मिल रही है।”
इन पांच अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं घायल
विदेश मंत्रालय के मुताबिक घायलों को कुवैत के पांच सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। जिन अस्पतालों में घायलों को भर्ती कराया गया है उनके नाम अदन, जाबेर, फरवानिया, मुबारक अल कबीर और जाहरा अस्पताल। अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, भर्ती किए गए अधिकांश लोगों की हालत स्थिर हैं।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार रात एक बयान जारी कर बताया कि ” कुवैत स्थित भारतीय दूतावास संबंधित कुवैती अधिकारियों और कंपनी से पूरी जानकारी प्राप्त कर रहा है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”
भारतीय राजदूत ने किया अस्पताल का दौरा
कुवैत में भारत के राजदूत आदर्श स्वैका ने आग लगने की घटना के तुरंत बाद घटनास्थल और अस्पतालों का दौरा किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, “दूतावास इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में घायल हुए भारतीय नागरिकों की सहायता करने तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करना जारी रखेगा।” कुवैती अधिकारियों से दूतावास को पूरा सहयोग मिल रहा है।
भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर, विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह इस अग्निकांड में मारे गए लोगों का शव जल्द भारत लाने और घायलों को इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय अधिकारियों से बातचीत करेंगे। भारतीय दूतावास ने प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क मे है। दूतावास ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के लिए +965-65505246 (व्हाट्सएप और नियमित कॉल) हेल्पलाइन स्थापित की है, जिसके माध्यम से नियमित तौर पर अपडेट जारी किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने बुलाई समीक्षा बैठक
कुवैत में आग की घटना की खबर आने के तुरंत बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और भारत सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
बैठक में कौन कौन रहे मौजूद
प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।



