
सीने में चाकू लगते ही पति चिल्लाया, मुझे मत मारो…तलाक दे दूंगा, फिर पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पार की सारी हदें
मुस्कान के अनुसार, सौरभ के लंदन से लौटने के बाद उसे साहिल और अपनी प्रेम कहानी के बारे में बता दिया था। 28 जनवरी को पीहू का जन्मदिन मनाने के बाद मुस्कान ने सौरभ के सामने तलाक का प्रस्ताव रखा था। सौरभ ने परिवार को भी यह बात बताई थी। बेटी पीहू की खातिर उसने मुस्कान को तलाक देने से इनकार कर दिया था। तब मुस्कान और सोहिल ने सौरभ की हत्या की पटकथा रची।
ड्रम के अंदर पत्थर हो गया था सौरभ का शव
मुस्कान और साहिल की निशानदेही पर पुलिस ने घर के अंदर से ड्रम बरामद कर लिया। उसे ड्रील मशीन से काटने का प्रयास किया। सीमेंट इतना सख्त हो गया था कि वह कट नहीं पा रहा था। उसके बाद पुलिस ने ड्रम को पोस्टमार्टम हाउस ले गई। यहां दो ड्रील मशीन से सीमेंट को काटकर सौरभ का शव निकाला गया। उसके बाद देर रात तक शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
हमे पांच मिनट दे दो, यहीं चुकाएंगे बदला
सौरभ की क्रूरता से की गई हत्या की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों के साथ सौरभ का परिवार ब्रह्मपुरी थाने पहुंच गया और थाना परिसर में हंगामा कर दिया। वह पुलिस से मुस्कान और साहिल को उन्हें सौंपने की बात कह रहे था। उनका कहना था कि कानूनी दांव पेंच में पता नहीं कब न्याय मिलेगा, हमें पांच मिनट दे दो, यहीं पर हिसाब चुकता कर लेंगे। सौरभ के परिवार के गुस्से को देखकर पुलिस ने तत्काल ही मुस्कान और साहिल को ब्रह्मपुरी थाने से अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया।
झूठी मोहब्बत ने बेटे की जान ले ली
मुन्ना लाल के परिवार में उनकी पत्नी रेनू और दो बेटे बबलू और सौरभ थे। एक बेटी शिवानी है। सौरभ ने प्रेम विवाह किया था। उसकी हत्या के बाद मां रेनू का कहना था कि मोहब्बत में लोग एक-दूसरे के लिए जान देते हैं। मुस्कान ने तो मोहब्बत के नाम को भी बदनाम कर दिया। इस मोहब्बत की झूठी कहानी पर रोने के अलावा हमारे पास कुछ नहीं बचा है। झूठी मोहब्बत ने मेरे बेटे की जान ले ली।



