
केमिकल फैक्ट्री में आग, धमाके:3 फैक्ट्रियां जलकर राख; 12 खाली कराई गईं; पानी के 50 से ज्यादा टैंकर आग नहीं बुझ पाए
गाजियाबाद की ट्रोनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार सुबह 11 बजे एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रुक-रुक कर केमिकल के ड्रमों में ब्लास्ट हो रहा है। इससे पास की दो और फैक्ट्रियां आग की चपेट में आ गई हैं। आग इतनी तेजी से बढ़ रही है कि फायर फाइटर्स के लिए बुझा पाना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने आसपास की 12 फैक्ट्रियों को खाली करवा दिया है। केमिकल होने की वजह से पानी से आग नहीं बुझ पा रही है। 50 से ज्यादा टैंकर लग चुके हैं। ऐसे में गाजियाबाद और आसपास के जिलों से फोम टेंडर मंगवाए गए हैं। 3 कर्मचारी अंदर फंस गए थे, जिनको कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने बाहर निकाला। आग की भयावहता को देखते हुए चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल खुद भी मौके पहुंच गए हैं।

केमिकल फैक्ट्री से हुई आग की शुरुआत
फायर अफसर ने बताया कि अग्निकांड सेक्टर A-3 के इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ है। पहले केमिकल फैक्ट्री में आग लगी। यहां केमिकल के चलते आग बहुत तेजी से फैल गई। पास में संपर्क फैकेजिंग समेत एक और फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। 3 फैक्ट्रियां जलकर राख हो गईं।
आग पर कंट्रोल को तेजी से बढ़ते देख पुलिस ने तुरंत 12 फैक्ट्रियों को खाली करवा दिया। पब्लिक को इलाके से दूर कर दिया है। 50 से ज्यादा फायर फाइटर्स की टीम आग बुझाने में जुटी है। फिलहाल, अभी आग नियंत्रित होती नहीं दिख रही है। फायर फाइटर्स के साथ कर्मचारी भी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

आग से फैक्ट्री में भगदड़ जैसे हालात हुए, 3 कर्मचारी अंदर फंसे
फायर ऑफिसर ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में ज्यादातर फैक्ट्रियां पैकेजिंग और केमिकल की हैं। ऐसे में आग बहुत तेजी से फैली। जिस फैक्ट्री में आग लगी वहां 50 से ज्यादा कर्मचारी थे। आग लगते ही वह बाहर भागकर उन्होंने जान बचाई।
बगल की संपत पैकेजिंग फैक्ट्री में काम करने वाले एक कर्मचारी ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया, सुबह करीब 11 बजे आग लगी। मॉर्निंग शिफ्ट में कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक ग्राउंड फ्लोर पर शोर होने लगा। हमें पता चला कि आग लग गई है। सभी कर्मचारी तुरंत अपने-अपने कामकाज छोड़कर बाहर की तरफ भागे। तीसरे फ्लोर पर 3 कर्मचारी फंसे गए। उन्हें बाद में निकाल लिया गया।

केमिकल रखे ड्रम में हो रहे धमाके
शुरुआती जांच में पता चला है कि केमिकल फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। अब तक तीन फैक्ट्रियां चपेट में आ चुकी हैं। आग लगातार बढ़ती जा रही है। यहां पर हर फैक्ट्री में केमिकल के ड्रम रखे रहते हैं। ऐसे में बार-बार धमाके हो रहे हैं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। फायर टीम आग को कंट्रोल करती है, तब तक केमिकल में ब्लास्ट होने से फिर भड़क जा रही है।

तीन किमी दूर से दिख रहा है धुआं
आग इतनी भीषण है कि 3 Km दूर से धुआं दिख रहा है। विस्फोट की आवाज से इलाके में दहशत है। आसपास की फैक्ट्रियां बंद कर दी गई है। पुलिस ने इलाके में आने वाले लोगों को रोक दिया है।



