Advertisment
छत्तीसगढ़

धान खरीदी में बड़ा घोटाला! मुंगेली के तरवरपुर केंद्र से 65 लाख के सरकारी धान का गबन — प्रभारी सरजू बघेल गिरफ्तार

S-G-Travels
WhatsApp-Image-2026-06-17-at-4.28.41-PM-300x200
WhatsApp Image 2026-07-05 at 5.05.16 PM

मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन की प्रमुख योजना धान खरीदी में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। मुंगेली जिले के तरवरपुर धान खरीदी केंद्र में 65 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सरकारी धान के गबन का खुलासा हुआ है। एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने केंद्र प्रभारी सरजू बघेल को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह सामने आया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान सरजू बघेल ने 2094.64 क्विंटल धान का कोई लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया। यह धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 65 लाख 2 हजार 684 रुपये कीमती था। रिकॉर्ड में धान दर्ज तो मिला, लेकिन भौतिक रूप से वह कहीं मौजूद नहीं था।

तरवरपुर केंद्र की अनियमितता की जांच रिपोर्ट मिलते ही सेतगंगा शाखा के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रबंधक सुमरन दास मानिकपुरी ने फास्टरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 65/2025 दर्ज किया और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) एवं 316(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में तत्काल कार्रवाई की गई।

भागने की कोशिश नाकाम, दस्तावेज जब्त

पुलिस ने जब ग्राम फंदवानीकापा में आरोपी के घर दबिश दी तो सरजू बघेल ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गबन की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने धान खरीदी रजिस्टर और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। अब जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों की भी सघन जांच की तैयारी शुरू हो गई है।
प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय योजनाओं में फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

mediahousempcg

RAJIV RASTOGI NEWS NETWORK SERVICE

Related Articles