
छत्तीसगढ़ सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले बस्तर के 43 बीजेपी नेताओं को Y+, Y और X कैटेगरी की सुरक्षा दी है। दरअसल, हाल ही में बीजापुर बीजेपी जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि नक्सली बीजेपी नेताओं को टारगेट कर रहे हैं।
बस्तर के 43 बीजेपी नेताओं के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान और कमांडो होंगे। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, और नारायणपुर जिले के नेताओं को सुरक्षा देने का आदेश जारी किया गया है। सुरक्षा में तैनात जवान प्रदेश पुलिस के ही होंगे। सुकमा बीजेपी जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे को सबसे हाई Y+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
बीते दो सप्ताह में नक्सली बीजापुर जिले में दो बीजेपी नेताओं की हत्या कर चुके हैं। यही वजह है कि नेताओं ने सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ही सुरक्षा देने की गुहार लगाई। कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए कहा था कि सरकार अपने नेताओं को ही सुरक्षा नहीं दे पा रही है।
इसके बाद पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में सुकमा जिले के 6, बीजापुर जिले के 10, दंतेवाड़ा के 17, जगदलपुर के 4, कोंडागांव के 1, कांकेर से 4 और नारायणपुर जिले के एक बीजेपी नेता को सुरक्षा देने की बात कही गई है।



