
शारदीय नवरात्रि का पहला दिन: दंतेश्वरी दरबार में दो उप मुख्यमंत्री और एक मंत्री देंगे हाजिरी
दंतेवाड़ा: शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ में आस्था और राजनीति का संगम देखने को मिलेगा. छत्तीसगढ़ के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव दंतेवाड़ा दौरे पर रहेंगे. वे यहां मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगे. उनके साथ दंतेवाड़ा के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप भी मांई दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेंगे. तीनों नेता मां की पूजा अर्चना के बाद संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
नवरात्रि के पहले दिन तीन मंत्रियों का दौरा: उप मुख्यमंत्री अरुण साव का यह दंतेवाड़ा का पहला प्रवास होगा, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. वहीं, गृहमंत्री विजय शर्मा लगातार बस्तर और दंतेवाड़ा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं. उनकी बार-बार की यात्राओं ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है. प्रभारी मंत्री होने के नाते केदार कश्यप दंतेवाड़ा जिले के विकास और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं.
मंत्रियों के स्वागत की तैयारी में बीजेपी कार्यकर्ता: भाजपा कार्यकर्ता इस मौके को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटे हैं. तीनों मंत्रियों के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं. पार्टी संगठन ने भी इस दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं. माना जा रहा है कि मंत्रियों की संयुक्त मौजूदगी से दंतेवाड़ा में राजनीतिक माहौल और अधिक सरगर्म होगा.



