
आज से राजिम कुंभ कल्प का शुभारंभ, उद्धाटन समारोह में CM नहीं होंगे शामिल; अग्नि पीठाधीश्वर रामकृष्णानंद होंगे मुख्य अतिथि
कुंभ 15 दिन तक यानी 8 मार्च तक चलेगा
छत्तीसगढ़ के प्रयागराज कहे जाने वाले राजिम कुंभ कल्प का आगाज आज (24 फरवरी) शाम सात बजे होगा। कुंभ 15 दिन तक यानी 8 मार्च तक चलेगा। राज्य गठन के बाद यह पहली बार होगा, कि सीएम राजिम कुंभ कल्प के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हाेंगे। आमंत्रण पत्र में सीएम साय के समारोह में शामिल होने का कोई भी जिक्र नहीं है। राजिम कुंभ कल्प में मुख्य अतिथि के रूप में अमरकंटक के आचार्य महामंडलेश्वर अग्नि पीठाधीश्वर रामाकृष्णानंद महाराज मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी सीएम अरूण साव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। राजिम कुंभ में गीतासार और भजन गायिका अनुराधा पौडवाल के भजन से उद्धाटन समारोह शुरू होगा। गीतासार शाम सात से नौ बजे तक चलेगा और उसके बाद भजनों का कार्यक्रम आयोजित होगा। स्थानीय कलाकारों को भी प्रस्तुति होगी, इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और संस्कृति विभाग के अधिकारियों द्वारा शेड्यूल तैयारकिया जा रहा है। 
राजिम कुंभ स्थल पर साधुओं और श्रद्धालुओं का आना जारी है। कुंभ में 30-35 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। राजिम कुंभ स्थल को सेक्टरों में बांटकर लोगों को रोकने की व्यवस्था की जा रही है। यहां लगने वाले बाजारों को भी कुंभ पैटर्न पर बनाया गया है, ताकी श्रद्धालुओं और दूसरे राज्यों से आकर दुकान लगाने वाले कारोबारियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
सीएम साय के राजिम कल्प कुंभ में शामिल नहीं होने की प्रमुख वजह दिल्ली दौरा बताया जा रहा है। सीएम विष्णुदेव साय केंद्रीय नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली रवाना होंगे। वे शाम चार बजे की फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे जहां वे छत्तीसगढ़ सदन में विश्राम करेंगे। यही वजह है कि वे राजिम कल्प कुंभ महोत्सव में शामिल नहीं होंगे।