
बीजापुर में एक और शिक्षादूत की हत्या, नक्सली इस साल अब तक 9 को उतार चुके हैं मौत के घाट
बीजापुर: एक तरफ बस्तर को शिक्षा के जरिए बदलने की कोशिश की जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ नक्सली लगातार शिक्षादूत की हत्या कर पूरे इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.
शिक्षादूत को अगवाकर हत्या: बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र के नेन्द्रा में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती को नक्सलियों ने बुधवार शाम स्कूल से आने के दौरान अगवा कर दिया. देर रात कल्लू ताती की हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया गया है. शिक्षादूत कल्लू ताती तोड़का का रहने वाला था और दूरदराज इलाके के बच्चों को स्कूल में पढ़ाता था.
बीजापुर पुलिस कर रही जांच: पुलिस अधिकारी ASP चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि 29 और 30 अगस्त 2025 की दरम्यानी रात थाना गंगालूर क्षेत्रान्तर्गत तोड़का निवासी कल्लू ताती पिता मंगल ताती उम्र 25 वर्ष की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी. कल्लू ताती लेंड्रा में शिक्षादूत के पद पर काम कर रहा था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बस्तर में इस साल अब तक 9 शिक्षा दूतों की हत्या: बता दें कि बस्तर के धुर प्रभावित नक्सल इलाकों में बंद स्कूलों का फिर से संचालन किया जा रहा है. ऐसे स्कूलों में पढ़ाने की जिम्मेदारी वहीं के पढ़े लिखे स्थानीय युवाओं को दी गई है. ऐसे युवा, शिक्षा दूत बनकर स्कूलों में बच्चों को पढ़ा रहे हैं. लेकिन इसके बदले में नक्सली उनकी जान ले रहे हैं. इस साल अब तक 9 शिक्षादूतों की हत्या नक्सलियों ने की है. जिसमें बीजापुर जिले में 5 और सुकमा में जिले में 4 शिक्षादूत शामिल है.



