
महतारी वंदन योजना…5वीं किस्त 653 करोड़ 84 लाख जारी:CM साय बोले- हमने पैसा भेज दिया
छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की पांचवी किश्त सोमवार को जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के CM हाउस से 70 लाख महिलाओं खाते में करीब 653 करोड़ 84 लाख रुपए भेजा है।
सीएम साय ने X पर जानकारी देते हुए कहा कि, महिलाएं अपना-अपना खाता चेक करें, महतारी वंदन योजना का पैसा हमने भेज दिया है। प्रति महीने के अनुसार इस महीने भी हमारी सरकार ने 70 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में 5वीं किस्त कुल 653 करोड़ 84 लाख रुपये की राशि भेज दी है। महिलाओं को हर महीने खुशियों का नोटिफिकेशन मिल रहा है।
भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव में प्रदेश की विवाहित महिलाओं को हर महीने महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए देने का वादा किया था। इसे मोदी की गारंटी बताया गया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और शपथ लेने के 3 महीने के भीतर ही इस योजना पर काम शुरू हो गया था।

PM नरेंद्र मोदी ने जारी की थी पहली किश्त
प्रशासनिक अमले ने तेजी से सर्वे का काम पूरा करते हुए हितग्राही महिलाओं से फार्म भरवाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च को महतारी वंदन योजना की पहली किश्त जारी की थी। इसके बाद हर महीने महिलाओं को पैसे मिल रहे हैं।
सरकार जब पैसे जारी करती है महिलाओं के मोबाइल फोन में नोटिफिकेशन जाता है। इसे खुशियों का नोटिफिकेशन सरकार ने बताया है। दावा किया गया है कि इससे कुछ महिलाएं अपने घरेलू बजट को इससे व्यवस्थित कर पा रही हैं, कुछ महिलाएं इस राशि को अपनी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में खर्च कर रही हैं और कुछ भविष्य के लिए निवेश कर रही हैं।

कांग्रेस बोली 75 प्रतिशत महिलाओं को चौथी किश्त नहीं मिली
दूसरी तरफ कांग्रेस का दावा है कि महतारी वंदन में 75 प्रतिशत महिलाओं को चौथी किश्त की राशि अभी तक नहीं मिली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जुलाई में महतारी वंदन की पांचवी किश्त महिलाओं के खाते में आना है, लेकिन जून का पैसा अभी तक अप्राप्त है। वोट लेने के बाद महिलाओं को अपात्र बता उनका नाम सूची से हटाने का सरकार षड़यंत्र कर रही है।
बैज ने कहा कि सरकार बताए कि जिनके खातों में तीन किस्त जमा हो गई, वे चौथी किस्त के लिए अपात्र कैसे हो गए? अगर वे अपात्र थे, तो तीन महीने तक पैसा क्यों दिया गया? सरकार बताए कि महतारी वंदन योजना की चौथी किस्त कितनी महिलाओं के खातों में जमा हुई? कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि जिन महिलाओं के खातों में चौथी किस्त जमा हुई है, उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं।
महतारी वंदन योजना बंद हो जाएगी, इसकी गारंटी है- बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की नीयत में खोट आ चुकी है, भविष्य में सभी महिलाओं के खाते में पैसा आएगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है। आने वाले महीनों में महतारी वंदन योजना बंद हो जाएगी, इसकी गारंटी है। साय की सरकार ने साबित कर दिया है कि झूठ, जुमलेबाजी और वादाखिलाफी ही मोदी की गारंटी है। डबल इंजन की सरकार सिर्फ छत्तीसगढ़ का शोषण कर रही है।



