
‘मोदी की तस्वीर वाले थैले में बांटा गया सरकारी राशन’
पूर्व CM भूपेश ने ट्वीट किया वीडियो, कहा- राजनांदगांव में आचार संहिता का खुला उल्लंघन
राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक वीडियो ट्वीट किया है। जिसमें पीएम मोदी की तस्वीर वाली थैली में सरकारी राशन दिया जा रहा है। जिसे आचार संहिता का उल्लंघन बताकर पोस्ट किया गया है। मामला भर्रेगांव सरगी गांव का है।
भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की राशन दुकानों से थैली में प्रधानमंत्री की फोटो के साथ राशन देकर चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन हो रहा है। इसकी किसने छूट दे रखी है। तत्काल इस पर रोक लगनी चाहिए।

भूपेश बघेल ने ट्वीट किया वीडियो
उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि अभी मैं जनसंपर्क के लिए जाते हुए राजनांदगांव विधानसभा के भर्रेगांव से गुजर रहा था, तो देखा कि वहां राशन दुकान पर नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले थैले में राशन बांटा जा रहा है। पता चला कि यह केवल राजनांदगांव में ही नहीं वरना पूरे देश में हो रहा है।
निश्चित तौर पर यह चुनाव आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। आशा है कि तत्काल कार्रवाई की जाएगी और शिकायत भी दर्ज की जाएगी।

पूर्व सरपंच बोले- बीजेपी सरपंच और पंच चला रहे दुकान
भरेगांव के पूर्व सरपंच दिलीप चंद्राकर ने बताया कि यहां बीजेपी सरपंच सुलेखा चंद्राकर और पंच सेल्समेन मनोहर चंद्राकर राशन दुकान चला रहे हैं। इस राशन दुकान में 18 मार्च को चुनाव आचार संहिता लगने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली थैली में राशन दिया जा रहा था।
इस पर भर्रेगांव के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध भी किया था। इस बात की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन के दौरान दिया गया था।

जल्द संज्ञान लेकर वितरण बंद करना चाहिए- कांग्रेस
जिला कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष भागवत साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनांदगांव के सभी शासकीय राशन दुकानों से इस तरह के फोटो लगे थैली में राशन का वितरण कर रही है। अपना प्रचार कर रही है। इस पर चुनाव आयोग को जल्द संज्ञान लेकर वितरण को बंद करना चाहिए।

बीजेपी बोली- जानकारी के आभाव में संचालक ने बांटा
भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित चंद्राकर का कहना है कि जानकारी के अभाव में राशन दुकान का संचालक 18 मार्च को 4 लोगों को राशन दिया था। उसके बाद पूरे बंडल को वहां से हटा दिया गया है। अब वहां कोई फोटो लगा थैला नहीं है।



