
मगरमच्छ ने नदी में नहाने आए बच्चे को निगला, रेस्कयू ऑपरेशन जारी…
मध्य प्रदेश के दमोह से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आ रही है. यहां के नोहटा थाना क्षेत्र की व्यारमा नदी किनारे कनिया घाट पर पिता के साथ नहाने गए बच्चे को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया. पहले मगरमच्छ बच्चे को पानी में खींचकर ले गया और उसे निगल गया.
अभी तक बच्चे का शव नहीं मिला
एसडीआरएफ की टीमें, पुलिस फारेस्ट बल नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है लेकिन अभी तक बच्चे का शव नहीं मिला है. वहीं ग्रामीण बालक को मगरमच्छ के पेट से बाहर निकालने की मांग पर अड़े हुए हैं. वन विभाग के आला अधिकारी, नोहटा थाना प्रभारी अरविंद सिंह मौके पर पहुंच गए. जिला प्रभारी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एसडीआरएफ की टीम और वन विभाग को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए निर्देशित किया है.
मगरमच्छ ने बच्चे को पानी के अंदर खींच लिया
शनिवार की सुबह कनिया घाट में हटरी गांव निवासी अर्जुन सिंह लोधी अपने बच्चे आठ साल के कृष्ण के साथ नदी में नहाने गया था. इसी बीच नदी में एक मगरमच्छ ने बच्चे कृष्ण पर हमला कर उसे पानी में गहराई तक खींच लिया. बताया जा रहा है कि मगरमच्छ कृष्णा को जिंदा निगल गया. बालक के कपड़े नदी किनारे मिले हैं. पुलिस वन विभाग टीम एसडीआरएफ/होमगार्ड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन करने में जुटी हुई है.



