
दुर्ग: छत्तीसगढ़ में सीबीआई का छापा पड़ा है. सीबीआई की टीम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पहुंची है. इससे 15 दिन पहले 10 मार्च को ईडी की टीम पूर्व सीएम के घर पहुंची थी. जानकारी मिली है कि दुर्ग जिले में कई IPS के घर भी सीबीआई पहुंची है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि उनकी टीम छत्तीसगढ़, भोपाल, कोलकाता और दिल्ली में 60 स्थानों पर तलाशी ली जा रही है. जिसमें राजनेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों, पुलिस अधिकारी शामिल है.
पूर्व सीएम के घर सीबीआई के छापे में कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला है. पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि राजनीतिक द्वेष से ये कार्रवाई बीजेपी करवा रही है. कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा “सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियां स्वतंत्र एजेंसियां हैं और वे कभी भी राजनीति के आधार पर कार्रवाई नहीं करती हैं.
ऑनलाइन बेटिंग केस में 60 स्थानों पर छापे
सीबीआई ने ऑनलाइन बेटिंग केस बुधवार को रायपुर सहित देश के कई स्थानों पर रेड की कार्रवाई की है. इसमें भोपाल, कोलकाता और दिल्ली के 60 स्थानों पर छापे मारे गए हैं. राजनेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों, पुलिस अधिकारियों के साथ कई और लोगों के यहां जांच एजेंसी की दबिश पड़ी है. सीबीआई ने अपने प्रेस रिलीज में इस बात का जिक्र किया है. पहले इस केस में छत्तीसगढ़ EOW ने केस दर्ज किया. उसके बाद इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया. सीबीआई ने बताया है कि डिजिटल और डॉक्यूमेंट्री सबूतों की खोज को बढ़ाने के लिए यह छापे मारे गए हैं.
दुर्ग रायपुर में सीबीआई की रेड
जानकारी मिली है कि दुर्ग जिले में सीबीआई ने 16 जगहों पर छापेमारी की है. जिनमें पूर्व डीजी आनंद छाबड़ा, IPS प्रशांत अग्रवाल, IPS अभिषेक महेश्वरी भी शामिल है. भिलाई में सीबीआई 32 बंगले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, सेक्टर 9 सड़क 17 में पुलिस महानिरीक्षक डॉ आनंद छाबड़ा, अभिषेक पल्लव, राजधानी रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक शेख आरिफ, प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक महेश्वरी, अनिल टुटेजा, भिलाई तीन में पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर के बंगले में छापे की कार्रवाई जारी है.
IPS अभिषेक माहेश्वरी के घर रेड
रायपुर और राजनांदगांव में भी एएसपी अभिषेक माहेश्वरी के घर सीबीआई की रेड पड़ी है. यहां पर अभिषेक माहेश्वरी नहीं मिले. उसके बाद सीबीआई की टीम ने उनके निवास स्थान को सील कर दिया है. बघेल सरकार के दौरान अभिषेक माहेश्वरी प्रभावशाली पद पर थे.



