
नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर के जाने-माने वैद्यराज हेमचंद मांझी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। उन्होंने हाथ जोड़कर वैद्यराज हेमचंद मांझी का अभिवादन किया।
अपने संदेश में सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि 5 दशक से ज्यादा समय से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के ग्रामीणों को प्राकृतिक और किफायती स्वास्थ्य सेवा दे रहे अबूझमाड़ के प्रख्यात वैद्यराज हेमचंद मांझी जी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के हाथों से पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित होने पर मेरी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनका निःस्वार्थ सेवाभाव हम सबके लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय है।

बता दें कि नारायणपुर के छोटे डोंगर में जन्मे हेमचंद मांझी उस समय से लोगों का इलाज कर रहे हैं, जब उस इलाके में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं पहुंची थीं। अपने ज्ञान और सेवाभाव की बदौलत उन्होंने लोगों का इलाज शुरू किया और पिछले 5 दशकों से मरीजों का उपचार कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों और विदेशों में रहने वाले पीड़ित मरीज भी छोटे डोंगर पहुंचकर इलाज कराते हैं। जब हेमचंद मांझी को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा हुई थी, तब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर आमंत्रित कर उनका सम्मान किया था।



