
रायपुर. रायपुर जिले में आबकारी विभाग ने आदर्श आचार संहिता में बड़ी कार्रवाई की. विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में शनिवार को दबिश देकर लाखों रुपए की शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया. सचिव सह आबकारी आयुक्त आर शंगीता, प्रबंध संचालक (CSMCL) श्याम धावडे, कलेक्टर गौरव सिंह और प्रभारी उपायुक्त आबकारी रामकृष्ण मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई.
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम खपरी थाना विधानसभा में रेड कार्रवाई कर आरोपी प्रदीप मारकंडे को गिरफ्तार किया. टीम ने मौके से 130 नग कार्टून में भरे मध्यप्रदेश राज्य की गोवा व्हिस्की 6500 नग (मात्रा 1170 बल्क लीटर) जब्त किया. आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की गैरजामनतीय धारा 34 (2), 36 व 59 (क) के तहत कार्रवाई की गई.



