
कवासी लखमा को जिताएगी आम आदमी पार्टी
आप नेता बोले- इन्होंने गांव-गांव में तिरंगा फहराया, भाजपा ने सिर्फ आरोप लगाया
बस्तर में भी इंडिया गठबंधन के तहत राजनीतिक पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं। आम आदमी पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष समीर खान ने कहा कि, हम कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा को चुनाव जिताएंगे। कवासी लखमा ने अपने कार्यकाल में बस्तर के अंदरूनी गांवों में तिरंगा फहरवाया है।
छत्तीसगढ़ में 15 सालों तक रही भाजपा भी यह काम नहीं कर सकी। भाजपा ने सिर्फ आरोप लगाया है। अब कवासी लखमा के लिए आम आदमी पार्टी का हर एक कार्यकर्ता मेहनत करेगा। उन्हें चुनाव जिताएगा।
दरअसल, गुरुवार को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने जगदलपुर के कांग्रेस भवन में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता रखी थी। आप नेता समीर खान ने कहा कि, तानाशाही के खिलाफ और लोकतंत्र को बचाने गठबंधन धर्म निभाएंगे। कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा का जमकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
समीर ने कहा कि, बीजेपी से मुकाबला करने के लिए इंडिया गठबंधन बनाया गया है। हम मजबूत हैं। तानाशाही सरकार को हटाने के लिए हम एक साथ हैं।
आप नेताओं की हो रही गिरफ्तारी
हमारे नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। बस्तर से भाजपा को हराएंगे और कवासी लखमा को जिताएंगे। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर इंडिया उम्मीदवार का प्रचार करेंगे। देश में तानाशाही सरकार को हटाने के लिए हम एक साथ आए हैं। आम आदमी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता चुनाव में हिस्सा लेंगे।
जो जीतता है उस पर उछाले जाते हैं कीचड़
कवासी लखमा पर बहुत से आरोप लगाए जा रहे हैं। जो व्यक्ति जीतता है उस पर कीचड़ उछालने का काम किया जाता है। लखमा चुनाव जीत रहे हैं। समीर खान ने कहा कि भाजपा सिर्फ जुमलेबाजी की पार्टी है। वादा करते हैं लेकिन पूरा नहीं करते हैं। भाजपा ने वादा किया था कि 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे लेकिन नहीं दिए। अब हम गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे।



