
कोरबा जिले में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के घर के पास एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे करीब 10 लाख का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना कोतवाली थाना अंतर्गत पुराना बस स्टैंड के पास की है।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की रात पुराना बस स्टैंड के पास संचालित डिलाइट क्लॉथ सेंटर में आग लगी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 3 वाहन मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक दमकल कर्मी घायल हो गया।

दुकान की दूसरी मंजिल पर आग लगी
डिलाइट क्लॉथ सेंटर संचालक सुरजीत सिंह गुलाटी ने बताया कि दुकान को बंद कर जब वह अपने घर जा रहा था, तभी उसे किसी ने आग लगने की बात बताई। संचालक तुरंत मौके पर पहुंचा। जहां उसने देखा कि दुकान की दूसरी मंजिल पर आग लगी है। देखते ही देखते आग ऊपरी हिस्से में पूरी तरह फैल गई।
आग बुझाते समय घायल हुआ एक दमकलकर्मी
दमकल विभाग के प्रभारी पीबी सिदार ने बताया कि इस घटना में एक दमकल कर्मी घायल हो गया। आग बुझाने के दौरान दुकान के ऊपर लगा एक कांच टूट गया, जो दमकल कर्मी के हाथ पर जाकर लगा, जिससे उसे काफी चोट आई है। दमकल कर्मी को तत्काल कोरबा पीएचसी लाया गया।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल घटनास्थल पहुंचे
दुकान में आग लगने की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। आग जब तक नहीं बुझी तब तक वे मौके पर मौजूद रहे।



