
छत्तीसगढ़ में एसडीएम सहित 4 गिरफ्तार, अवैध खनन विरोधी अभियान के दौरान व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या का आरोप
बलरामपुर: बलरामपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान लाठियों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में एसडीएम और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों की पहचान कुसमी एसडीएम करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मनजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के रूप में हुई है.
एसडीएम और तीन लोगों की पिटाई से ग्रामीण की मौत
बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया ” रविवार रात कुसुमी थाना में सूचना मिली कि तीन व्यक्तियों को कुसुमी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें एक की मौत हो चुकी है. इसी मामले में कुसुमी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के बाद कुसुमी एसडीएम करुण डहरिया, विक्की ऊर्फ अजय प्रताप सिंह, मनजीत यादव और सुदीप यादव हंसपुर जंगल में अवैध बॉक्साइट खनन के संदर्भ में कार्रवाई करने गए थे. इसी मामले में तीनों व्यक्तियों पर अवैध बॉक्साइट खनन का आरोप लगाते हुए उनके साथ गंभीर मारपीट की गई. इसके बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. इसी दौरान एक की मौत हो गई.”
एसडीएम गिरफ्तार, जांच जारी
एसपी ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम किया गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में एफआईआर की गई. चारों आरोपी कुसमी एसडीएम करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मनजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार किया गया. मामले में जांच जारी है.
प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
इस घटना के बाद सर्व आदिवासी समाज, ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने सड़क जाम करने की कोशिश की और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एसडीएम और अन्य लोगों ने ग्रामीणों पर तब हमला किया जब वे अपने खेतों की सिंचाई करके लौट रहे थे.पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं.



