
साय मंत्रिमंडल का विस्तार: गजेन्द्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल ने ली मंत्री पद की शपथ
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय के इंतजार के बाद आख़िरकार बुधवार को साय कैबिनेट का विस्तार हो गया। इस दौरान मंत्रिमंडल में तीन विधायक गुरु खुशवंत साहेब, गजेन्द्र यादव और राजेश अग्रवाल शामिल हो गए हैं। इस प्रकार से अब छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्रियों की टीम बन गई है। भाजपा ने तीन विधायकों को मंत्री बनाकर जातिगत संतुलन को साधने का काम किया है।
सीएम ने किया मंत्रिमंडल विस्तार: आपको बता दें कि इन तीन मंत्रियों के शपथ ग्रहण से पहले विष्णु देव साय मंत्रिमंडल में सीएम के साथ कुल 11 मंत्री थे. कहा जा रहा है कि हरियाणा के फार्मूले को छत्तीसगढ़ में लागू कर तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है. इस तरह से छत्तीसगढ़ राज्य में पहली बार कुल 14 मंत्री हो गए हैं. 90 विधानसभा सीट 15 फीसदी का आंकड़ा लेकर ज्यादा से ज्यादा 13 मंत्री बनाए जा सकते थे. अब हरियाणा फार्मूले को फॉलो करते हुए कुल 14 मंत्री बनाए गए हैं.
सीएम ने दी बधाई: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शपथ लेने वाले कैबिनेट के नए सदस्य गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएं दी. साय ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि सभी मंत्रीगण पूरी निष्ठा और लगन से जनता की सेवा कर विकास और सुशासन का सुनहरा अध्याय लिखेंगे.



