
सरकारी नौकरी से पहले मिली मौतः कांस्टेबल भर्ती के फिजिकल टेस्ट के दौरान 10 अभ्यर्थियों की मौत
पलामू। झारखंड आबकारी कांस्टेबल भर्ती के फिजिकल टेस्ट के दौरान 10 अभ्यर्थियों की मौत हो गई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत के पीछे के कारण का पता लगाया जा रहा है। झारखंड आबकारी कांस्टेबल प्रतियोगी परीक्षा के तहत शारीरिक परीक्षा रांची, गिरिडीह, हजारीबाग, पलामू, पूर्वी सिंहभूम और साहेबगंज जिलों के सात केंद्रों पर आयोजित किया गया था।
झारखंड BJP के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने फिजिकल टेस्ट के दौरान 10 अभ्यर्थियों की मौत होने का दावा करते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के कुप्रबंधन के कारण ये मौतें हुई हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार मृतकों के आश्रितों को मुआवजा और सरकारी नौकरी दे।
इधर मामले में बयान जारी करते हुए पुलिस ने कहा कि दुर्भाग्यवश, शारीरिक परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थियों की मौत हो गई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत के पीछे के कारण का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, सभी केंद्रों पर चिकित्सा टीम, दवाइयां, एम्बुलेंस और पेयजल सहित पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। इसके बाद भी अभ्यर्थियों की मौत होना चिंताजनक है।



