
300 सीटाें के लिए 6 लाख फार्म:छात्रावास अधीक्षक के लिए इतने ज्यादा आवेदन कि तीन जिलों का विकल्प हटा
रदेश में छात्रावास अधीक्षक श्रेणी द के पदों पर भर्ती होगी। 300 पोस्ट के लिए छह लाख से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। फार्म की संख्या इतनी ज्यादा हो गई है कि रायुपर, बिलासपुर, दुर्ग समेत कई जिलों के विकल्प हट गए हैं। एग्जाम सिटी में इनके बदले दूसरे जिलों का विकल्प मिल रहा है। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 31 मार्च तक है। इस तारीख तक आवेदनों की संख्या सवा छह लाख से अधिक होने की संभावना है।
छात्रावास अधीक्षक भर्ती के लिए जुलाई में परीक्षा होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक छात्रावास अधीक्षक भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास है। इसलिए शुरुआत में ही तीन लाख से आवेदन का अनुमान था। लेकिन छह लाख फार्म आ चुके हैं।
इसे लेकर जानकारों का कहना है कि व्यापमं की परीक्षाओं में कुछ जिले जैसे रायपुर, दुर्ग व बिलासपुर समेत अन्य के लिए हर बार ज्यादा संख्या में फार्म आते हैं। विभिन्न परीक्षाओं में यहां 25 से 30 परीक्षार्थी शामिल होते रहे हैं। इस बार कुछ जिलों के लिए ज्यादा फार्म आए, इसलिए यहां की क्षमता को बढ़ाकर पहले 40 हजार तक किया गया। अब इससे भी ज्यादा आवेदन आ गए हैं। इसलिए एग्जाम सिटी को लेकर दिक्कतें आ रही है।
आवेदन शुल्क नहीं इसलिए भी ज्यादा फार्म
पीएससी व व्यापमं से होने वाली परीक्षाओं के लिए प्रदेश के अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। एग्जाम फीस माफ है। इस संबंध में वर्ष 2022 में शासन से निर्देश जारी हुए थे। परीक्षा शुल्क माफ होने की वजह से भी प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के लिए थोक में आवेदन आ रहे हैं। हालांकि, परीक्षा में आवेदकों की उपस्थिति फार्म भरने के अनुपात से काफी कम रही है। पूर्व में परीक्षाओं के लिए 200 से 350 रुपए तक शुल्क लिए जाते थे। तब भी आवेदन के बाद कई अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आते थे, लेकिन अधिकांश परीक्षाओं में उपस्थिति 70 प्रतिशत से अधिक रहती थी। अब उपस्थिति का आंकड़ा कम है।
100 नंबर की होगी परीक्षा
छात्रावास अधीक्षक की भर्ती परीक्षा कुल 100 अंकों के लिए होगी। इसके तहत भाग-अ में कंप्यूटर संबंधी सामान्य ज्ञान पर आधारित 30 अंकों के 30 प्रश्न रहेंगे। जिसमें अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत नंबर प्राप्त करना जरूरी होगा। भाग-ब में हिंदी व्याकरण, अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाक्रम खेलकूद, देश-विदेश, छत्तीसगढ़ की सामान्य जानकारी व बाल मनोविज्ञान से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न आएंगे।
पिछले साल निकला था विज्ञापन
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के तहत छात्रावास अधीक्षक की भर्ती होगी। इसके लिए व्यापमं से परीक्षा आयोजित की जाएगी। पिछले साल अक्टूबर में इसके लिए विज्ञापन जारी हुआ था। आचार संहिता व अन्य कारणों से तब आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। एक मार्च 2024 से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई है। मई-जून में व्यापमं से प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसलिए छात्रावास अधीक्षक के लिए भर्ती परीक्षा जुलाई में होने की संभावना है।



