
सूरत में 5 मंजिला बिल्डिंग गिरी, 7 शव निकाले गए:2017 में अवैध रूप से बनाई गई थी, 8 साल में ही ढह गई
सूरत शहर के इंडस्ट्रियल एरिया सचिन में शनिवार दोपहर पांच मंजिला बिल्डिंग ढह गई थी। रेस्क्यू में जुटी टीम को रविवार सुबह तक 7 लोगों के शव मिल चुके हैं। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। NDRF की टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी भी मलबा हटाने का काम चल रहा है।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम अनमोल शालीग्राम, शिवपूजन शोखीलाल केवट, परवेज शोखीलाल केवट, लालजी बमभोली केवट, अभिषेक केवट, ब्रजेश हीरालाल गोड, हीरामडी बमभोली केवट हैं। हादसे में घायल कशिश शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिल्डिंग 2017 में ही बनी थी। सिर्फ 7 साल में ही पूरी बिल्डिंग के ढह जाने से इसके निर्माण की गुणवत्ता का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
शनिवार रात 9.10 बजे पहला शव निकाला गया। इसके बाद दूसरा शव 11.50 बजे, तीसरा 4 बजे, चौथा साढ़े 4 बजे और 4.45 पर एक साथ तीन शव निकाले गए। अब भी बिल्डिंग का मलबा हटाने का काम चल रहा है। आशंका है कि मलबे में 2-3 लोग और दबे हो सकते हैं।
हादसे की 4 तस्वीरें देखें…




बिल्डिंग के दो फ्लोर पर ही लोग रहते थे: शुभम
इमारत में रहने वाले शुभम ने बताया कि उनका 17 साल का छोटा भाई साहिल है। हादसे के दौरान वह कमरे में ही था। पूरी बिल्डिंग के दो फ्लोर ही भरे हुए थे। फर्स्ट और सेकंड फ्लोर पर ही लोग रहते थे। नीचे दो रूम और उसके ऊपर 6 रूम में लोग रहते थे।
शुभम ने बताया- बाकी के फ्लोर खाली थे। हर एक रूम में कम से कम 5 लोग तो रहते थे। इस तरह दोनों फ्लोर में 20 से 25 लोग रहते थे। मेरे बगल में एक कमरा था, जिसमें एक आंटी रहती थीं। वे चार दिन पहले ही अपने भाई के साथ यहां रहने आए थे।



