
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पोटाकेबिन में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा (20 साल) ने बुधवार को एक बच्चे को जन्म दिया है। मामला 100 सीटर गंगालूर हाईस्कूल बालिका पोटाकेबिन का है। अधिकारियों ने मामले में जांच की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, स्वामी आत्मानंद गंगालूर आवासीय विद्यालय में 12वीं की छात्रा पढ़ती है। वो यहां पोटाकेबिन बालिका छात्रावास में रहती है। छात्रा को मंगलवार रात अचानक से पेट में तेज दर्द उठा। स्कूल के स्टाफ उसे लेकर तुरंत गंगालूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां जांच में छात्रा गर्भवती पाई गई, ये जानकर शिक्षक और स्टाफ भी हैरान रह गए।
बुधवार 13 मार्च की सुबह छात्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने जच्चा-बच्चा को सुरक्षित बताया है। जिला शिक्षा अधिकारी बी आर बघेल ने कहा है कि मामले की जानकारी मिली है, इसकी जांच की जा रही है। छात्रा गर्भवती कैसे हुई या बच्चे का पिता कौन है, इस बात का पता उससे पूछताछ के बाद ही चल सकेगा। माता-पिता को घटना की सूचना दे दी गई है। छात्रा के बच्चे को जन्म देने के बाद अधिकारी भी पोटाकेबिन पहुंच गए हैं।

शिक्षिका ने कहा- गर्भवती होने के कोई लक्षण नहीं थे
स्कूल की लेक्चरर अंशु मिंज ने बताया कि छात्रा बीजापुर की रहने वाली है और यहां हॉस्टल में रहती है। 9 महीने के दौरान उसमें गर्भवती होने के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए। छात्रा ने भी किसी बीमारी या तबियत खराब होने की शिकायत नहीं की। उन्होंने बताया कि कभी-कभी गर्ल्स का ग्रुप सामान खरीदने के लिए गंगालूर जाता है, ये छात्रा भी गंगालूर आती-जाती रहती थी, वहां अगर किसी लड़के से इसने यौन संबंध बनाए, तो इसका पता नहीं है।

किसी लड़के से प्रेम संबंध की मिली है जानकारी
हालांकि लेक्चरर ने कहा कि छात्रा के प्रेम संबंध के बारे में उन्हें कुछ जानकारी हुई है। 3 साल पहले से वो किसी लड़के के साथ प्रेम संबंध में थी। परिजनों को भी इस बात का पता था। बीजापुर में दोनों अक्सर मिलते-जुलते थे। शिक्षिका ने कहा फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची है। उन्होंने कहा कि हर महीने स्वास्थ्य विभाग की टीम को हॉस्टल में आकर छात्राओं की जांच करनी है, लेकिन टीम नहीं आती। अभी भी टीम को बुलाया गया है, तब वो जांच के लिए पहुंची है।
जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने कहा कि अस्पताल में लड़की और लड़के दोनों के परिजन पहुंचे हुए हैं। दोनों के परिवारों से बात हुई है। दोनों के परिवार को पहले से उनके संबंधों के बारे में सबकुछ पता था। 3 साल पहले लड़का और लड़की घर छोड़कर भी चले गए थे। उन्होंने कहा कि मामले में हॉस्टल वॉर्डन की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।



