
बिलासपुर में ईद पर्व पर उत्साह:ईदगाह समेत मस्जिदों में हुआ विशेष नमाज, अमन-चैन की दुआ मांगते एक-दूसरे को लगाए गले
बिलासपुर में ईद पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान ईदगाह समेत मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। जिसके बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दी। वहीं, पर्व पर समुदाय के घरों में सेवइयों के साथ पकवान बनाकर दावत दी जा रही है।
रविवार की शाम को चांद का दीदार होने के बाद मस्जिदों में ईद का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। जिसके बाद रमजान-उल-मुबारक के मौके पर सोमवार को मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा कर अमन चैन की दुआ मांगी गई। ईदगाह में सुबह से ही समुदाय के लोगों की भारी भीड़ रही। इस दौरान सभी एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते नजर आए।
ईद की नमाज अदा की गई
ईदगाह में सुब्हानिया अंजुमन कमेटी की ओर से दी गई ईद के नमाज की इमामत हजरत अल्लामा और मौलाना अल्हाज शाह शब्बीर अहमद नूरी ने की। नायब इमाम के तौर पर हजरत अल्लामा और मौलाना मुफ्ती मोईनुद्दीन अशरफी और दूसरे नायब इमाम के तौर पर मौलाना यूसुफ रजा बरकाती मौजूद रहे।
ईद से हफ्ते भर पहले से ही शहर के बाजार गुलजार रहे। मुस्लिम अकीदतमंदों के घर में सेवइयों का लजीज पकवान त्योहार को और खुशनुमा बना रहा है।



