
‘औरंगजेब की कब्र हटाओ, वरना करेंगे कारसेवा’: पुणे में VHP और बजरंग दल की चेतावनी
पुणे: छत्रपति संभाजी पर बनी फिल्म ‘छावा’ के रिलीज होने के बाद मुगल शासक औरंगजेब को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सोमवार को पुणे के जिला कलेक्टर कार्यालय पर औरंगजेब की कब्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. महाराष्ट्र सरकार से जल्द से जल्द इस कब्र को हटाए जाने की मांग की. ऐसा नहीं होने पर कारसेवा करने की चेतावनी भी दी.
क्या नाराजगी है औरंगजेब की कब्र सेः हिंदू संगठनों के नेताओं का कहना था कि औरंगजेब की कब्र हमें हमारी गुलामी, लाचारी और अत्याचारों की याद दिलाती है. इस बार सरकार को जल्द से जल्द औरंगजेब की कब्र हटानी चाहिए. पुणे में आज शिव जयंती के अवसर पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने जिला कलेक्टर कार्यालय परऔरंगजेब की कब्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापनः इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया. इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री किशोर चव्हाण ने कहा कि प्रथम कदम के रूप में आज पूरे राज्य में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया गया है और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया है. उनसे जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की.
महाराष्ट्र में विरोध-प्रदर्शनः उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आज पूरे राज्य में एक साथ यह विरोध प्रदर्शन किया गया है. अगर सरकार विरोध प्रदर्शन के बाद भी इस कब्र के बारे में कोई निर्णय नहीं लेती है तो हम आक्रामक रुख अपनाएंगे और एक बार फिर कारसेवा करके कब्र को हटा देंगे. फिलहाल औरंगजेब विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है.



