
सरकारी कर्मचारियों को मोदी सरकार का तोहफा, 8वें वेतन आयोग को कैबिनेट ने दी मंजूरी, इस दिन से होगा लागू
केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लिया है. कैबिनेट ने 8वें वेतन आयोग को मंजूरी दे दी है. इस फैसले के साथ अब कर्मचारी और पेंशनधारियों का लंबा इतंजार खत्म हुआ. गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दी गई है. जल्द ही 8वें वेतन आयोग बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी इसके लिए शीघ्र ही कमेटी का गठन होगा. ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार 1 जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू कर सकती है. आयोग के लागू होने के बाद न्यूनतम वेतन और पेंशन में बड़े बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है.
लंबे समय से हो रही मांग
बता दें कि लंबे समय से केंद्रीय कमर्चारी 8वें वेतनमान की मांग कर रहे थे. इसके लिए केंद्रीय कर्मचारियों के संगठनों ने कैबिनेट सचिव से मुलाकात कर आयोग बनाने की मांग की थी. संगठन लगातार सरकार पर 8वें वेतन आयोग के गठन का दबाव बना रहे थे.
1 जनवरी 2016 से लागू है 7वां वेतन आयोग
दरअसल 1 जनवरी, 2016 से देश में 7वां वेतन आयोग (7th Pay Commission) लागू हुआ था. इससे करीब 1 करोड़ लोगों को लाभ मिल चुका है. गौरतलब है कि हर 10 साल में वेतन आयोग लागू किया जाता है.



