
Maharashtra Assembly Election 2024: धुले में बीजेपी-VBA कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, दोपहर 3 बजे तक 45.53% हुई वोटिंग
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। विधानसभा की सभी 288 सीटों पर सिंगल फेज में वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य की सभी 288 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 45.53%% वोटिंग हो चुकी है। गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा 63% और मुंबई सिटी में सबसे कम 39.34% वोट डाले गए।
धुले में बीजेपी-VBA कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की खबर है। धुले के एक पोलिंग बूथ पर भाजपा और वंचित बहुजन अघाड़ी के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई है। वहीं कांग्रेस नेता श्रीनिवास BV ने शिरडी में फर्जी मतदान का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि धुले की रहने वाली लड़की ने शिरडी में मतदान किया है।
कांग्रेस नेता श्रीनिवास BV ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फर्जी मतदान का आरोप लगाया है। श्रीनिवास ने एक लड़की का वीडियो शेयर किया और कहा कि ये लड़की रहने वाली धुले की है और मतदान शिरडी में कर रही है। शिरडी धुले से 300 किमी दूर है।
चुनाव आयोग के मुताबिक निर्दलीय समेत विभिन्न पार्टियों के कुल 4136 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने इनमें से 2201 उम्मीदवारों के हलफनामों की जांच कर एक रिपोर्ट तैयार की है। इसके मुताबिक करीब 29 फीसदी यानी 629 उम्मीदवार आपराधिक छवि के हैं। इनमें से 412 पर हत्या, किडनैपिंग, बलात्कार जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। 50 उम्मीदवार महिलाओं से जुड़े अपराधों के आरोपी हैं।


