
‘उंगली पर स्याही न लगवाएं’, वोटिंग से पहले केजरीवाल ने झुग्गीवासियों को किया आगाह
केजरीवाल ने मीडिया वालों से की ये अपील
केजरीवाल ने कहा कि उनकी टीम दिल्ली भर में गुप्त कैमरों के साथ तैनात हैं जहां भी कोई गड़बड़ी करने जाएगा पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कई मीडिया वाले भी झुग्गी बस्तियों में तैनात रहने के लिए तैयार हो गए हैं। कई से उनकी बात चल रही है। उन्होंने सभी मीडिया वालों से अपील की है कि इस गड़बड़ी को रोकने के लिए झुग्गियों में अपनी टीम में तैनात करें।
नोट के बदले स्याही लगाने का भाजपा चला रही खेल: केजरीवाल
इससे पहले, अरविंद केजरीवाल ने रविवार को झुग्गी झोपड़ियों के निवासियों से अपील की थी कि वे लोग उन्हें वोट दें। केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर दिल्ली के झुग्गीवासियों को सचेत किया। उन्होंने कहा था कि भाजपा के बहकावे में आकर पैसे के बदले अपनी उंगली पर काली स्याही न लगवाएं, वरना आपको जेल हो सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वाले झुग्गियों में घर-घर जाकर कह रहे हैं कि तीन हजार ले लो, चुनाव आयोग आपके घर आकर वोट डलवा देगा। यह साजिश है। अगर आपने अपने बूथ पर गए बिना उंगली पर स्याही लगवा ली तो ये लोग फर्जी वोट डालने के जुर्म में आपको ही गिरफ्तार करवा देंगे।
ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है। मेरे पास झुग्गी से लोगों के फोन आ रहे हैं। सर्वेंट क्वार्टर, धोबी घाट, झुग्गियों और मुझे सभी जगह से फोन आ रहे हैं। इनकी पार्टी वाले घर-घर जाकर कह रहे हैं कि तीन हजार रुपये ले लो, चुनाव आयोग आपके घर आकर वोट डलवा देगा। अगर गलती से भाजपा आ गई तो आपकी झुग्गी नहीं बचेगी।



