
4 साल से गांजे का अवैध कारोबार, 2 गिरफ्तार
सक्ती में घर से पुड़िया बनाकर बेचता, छिपाने के लिए बनाया गोदाम; 95 किलो गांजा जब्त
सक्ती जिले में पुलिस ने भारी मात्रा मे गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 95 किलो गांजा जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वे चार साल से इस कारोबार को कर रहे हैं। जब्त गांजा की कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। वे ओडिशा से गांजा लाकर घर से पुड़िया बनाकर बेचते थे।
मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शहर में अवैध रूप से गांजा के कारोबार करने की सूचना मिल रही थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कसेरपारा में छोटू देवांगन के घर में छापामार कार्रवाई की। छापामारी में पुलिस को 32 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गांजा छिपाने के लिए बनाया गोदाम
कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि ग्राम हरदा में उसने नवीन सिदार के घर गांजा को छिपाने के लिए गोदाम बनाया हुआ है। आरोपी के बताए अनुसार पुलिस ने वहां भी छापा मारा, जहां से 62 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस तरह पुलिस की टीम ने लगभग 95 किलो से भी अधिक का गांजा जब्त किया है।
4 साल से गांजा बेचने का अवैध कारोबार
पूछताछ मे छोटू देवांगन ने बताया की वो बीते 4 सालों से गांजे को बेचने के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। उसने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर आता है और अपने घर से पुड़िया बनाकर बेचता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एसपी के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई
बता दें कि जिले में एसपी अंकिता शर्मा के आदेश पर नशे के अवैध कारोबार में सालिंप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजा को अवैध रुप से यहां खपाया जा रहा है, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई है। एसपी अंकिता शर्मा ने साफ निर्देश दिया है कि जिले में नशे के सौदागरों पर कठोर कार्रवाई की जाए।



