
गृहमंत्री अमित शाह का ऐलान : हर अग्निवीर को मिलेगी नौकरी..
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा सेना से आने वाले हर अग्निवीर को नौकरी मिलेगी. देश में इनके लिए 20 % आरक्षण कर दिया है और जो बचेंगे उन सभी को हरियाणा में नौकरी दी जाएगी.
अमित शाह मंगलवार शाम फरीदाबाद के सेक्टर-12 में आयोजित भाजपा की चुनाव रैली में बोल रहे थे. फरीदाबाद की सभी 6 विधानसभा सीटों पर खड़े BJP के उम्मीवारों सहित केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल भी मौजूद थे.
अमित शाह ने कहा हरियाणा को किसान, जवान, खिलाड़ियों के लिए जाना जाता है. सेना में हरियाणा के जवान ज्यादा हैं. हरियाणा देश का गौरव है. हरियाणा का किसान देश की जनता का पेट भरता है और हरियाणा का खिलाड़ी मेडल लेकर दुनिया में नाम रोशन कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाए कि कांग्रेस झूठ फैला रही है.
अमित शाह ने कहा कि वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछना चाहते हैं कि हरियाणा में कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन क्यों नही दी. BJP की सरकार ने वन रैंक वन पेंशन को लागू किया. अमित शाह ने कहा कि जब तक भाजपा की सरकार है तब तक कश्मीर से हटाई 370 की धारा को दोबारा कोई नहीं लगा सकता है. पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी भारत का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है.
कांग्रेस को निशाने पर लिया
अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के उम्मीदवारों की जनसभाओं में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश जाकर देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं. कांग्रेस कश्मीर में जेल के अंदर बंद आतंकियों को छुड़वाना चाहती है और कश्मीर से हटाई गई धारा 370 को दोबारा लगाना चाहती है, जिसे BJP किसी कीमत पर नहीं होने देगी.



