
रायपुर। ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसा चालान काटा है, जिसे देख कार मालिक अचंभित है। ट्रैफिक पुलिस ने महासमुंद, बागबहरा के कार मालिक का पांच सौ रुपए का ई- चालान भेजा है। ई-चालान में उल्लेख किया गया है कि कार मालिक बगैर हेलमेट कार चला रहा था। हैरान परेशान कार मालिक ने कहा, कि मैं कई दिन से रायपुर ही नहीं गया। जिस नंबर का चालान भेजा गया है वह मेरी कार का है। लेकिन फाइन हेलमेट नहीं पहनने पर लगाया गया है।
पेशे से कारोबारी राहुल अग्रवाल ने बताया कि, कार उनकी मां सुधा अग्रवाल के नाम से पंजीकृत है। उनके पास मंगलवार को एक मैसेज आया। मैसेज खोलने पर पाया कि वह रायपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जनरेट किया गया ई-चालन है, जिसमें घटना दिनांक को लाभांडी के पास सुबह 11 बजकर 54 मिनट पर कार चलाते हुए हेलमेट नहीं पहनने पर ई-चालान भेजा गया है। कार चलाते वक्त हेलमेट नहीं पहनने पर ई-चालान काटे जाने से परेशान कार मालिक ने आरटीओ का काम करने वाले एक एजेंट से संपर्क किया। कार मालिक को एजेंट ने रायपुर ट्रैफिक पुलिस से संपर्क कर हल निकालने का आश्वासन दिया।



