
सड़क हादसे में भाई की मौत और बहन घायल : रक्षाबंधन के लिए बहन को ले जा रहा था घर, रास्ते में 2 बाईक की टक्कर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 2 बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी बहन को घर लेकर जा रहा था, तभी आधे रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गया। पूरा मामला पेंड्रा के बस्तीबगरा इलाके का है।
दरअसल, दिलेश्वर सिंह (25) अपनी बहन को बसंतपुर से अपने गांव खरडी जा रहा था। इस दौरान पेंड्रा से बस्तीबगरा जाने वाले मार्ग पर घघरा बांध की ओर से दूसरा बाइक सवार आ रहा था, तभी दोनों बाइक की तेज रफ्तार में आमने सामने टक्कर हुई है।
दिलेश्वर की मौके पर ही मौत
बताया जा रहा है कि दिलेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन की हालत गंभीर है। बहन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे बाइक सवार को भी चोटें आई है, उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव को परिजनों को सौंपा गया
मामले की जानकारी मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद लाश को परिजनों को सौंप दिया गया है। रक्षाबंधन के बीच मौत से परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



