
बीजापुर में हुई मुठभेड़ में 13 नक्सलियों के शव बरामद हो गए हैं। मंगलवार देर रात तक 10 ही शव मिलने की सूचना थी। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव के मुताबिक करीब 18 घंटे चले एनकाउंटर में कुल 13 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें एक महिला नक्सली भी है।
इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर पापाराव के मारे जाने की खबर है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मंगलवार सुबह 6 बजे से शुरू हुई मुठभेड़ रात करीब 11 बजे खत्म हुई। जवानों ने नक्सलियों के पास से AK-47, LMG जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं।
टेकलगुड़ेम मुठभेड़ की आज तीसरी बरसी है। 3 अप्रैल 2021 में इस मुठभेड़ में 22 जवानों को नक्सलियों ने मारा था। वहीं, 3 साल बाद उसी इलाके में पुलिस ने एक साथ 13 माओवादियों को ढेर किया है।
नक्सलियों के कोर इलाके में मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोरचोली और लेंड्रा के जंगल में भारी संख्या में गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सली मौजूद हैं। इस पर बीजापुर से DRG, CRPF, कोबरा, बस्तर फाइटर्स, बस्तरिया बटालियन और CAF के जवानों को सोमवार रात संयुक्त ऑपरेशन पर रवाना किया गया था।
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जवान जब गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों के कोर इलाके में पहुंचे तो मुठभेड़ हो गई। नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
45 से 50 मिनट तक दोनों ओर से लगातार फायरिंग
सुबह 45 से 50 मिनट तक दोनों ओर से लगातार फायरिंग हुई। इसके बाद फायरिंग रुकी तो जवानों ने सर्चिंग शुरू की। सुबह जवानों ने 4 नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए थे। दोपहर तक 4 और नक्सलियों के शव मिले हैं। शाम करीब 6 बजे 2 और शव बरामद किए गए।
गृहमंत्री बोले- नक्सलियों के पास LMG मिलना चिंता का विषय
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर में कहा कि नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। अभी मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है। नक्सलियों के पास LMG जैसे हथियारों का होना चिंता का विषय है। उनके पास ये कहां से आ रहे हैं, इसकी जांच जरूरी है।
बीजापुर में पहले चरण में है मतदान
IG बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि इलाके में लगातार सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना के साथ, इस साल अब तक बीजापुर समेत सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में 40 नक्सली मारे जा चुके हैं। बीजापुर जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण की वोटिंग होगी।
7 दिन में 20 माओवादी ढेर
बस्तर में नक्सलियों का TCOC महीना चल रहा है। नक्सलियों के इस महीने में फोर्स हावी है। पिछले 7 दिनों के अंदर कुल 20 माओवादियों को ढेर किया गया है। जिसमें 19 नक्सली बीजापुर और एक को सुकमा में मारा गया है।
छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ की ये खबर भी पढ़ें…
छत्तीसगढ़ में डिप्टी कमांडर समेत 6 माओवादी ढेर: बीजापुर के बासागुड़ा इलाके में मुठभेड़; मरने वालों में 2 महिला नक्सली



