
खदान में ब्लास्ट से दहला स्कूल, दीवारों में आई दरार, दहशत में छात्र
सक्ती। जिले के जैजैपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत अकलसरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र छात्राएं इन दिनों दहशत के साये में पढ़ाई करने के लिए मजबूर है। दरअसल, स्कूल भवन से महज 500 मीटर के दूरी पर ही दो डोलोमाइट खदान संचालित है, जहां से डोलोमाइट खनन के लिए खदान संचालक अरविंद सोनी द्वारा शासन द्वारा तय मानक के विपरीत अत्यधिक मात्रा में बारूद का उपयोग कर ब्लास्ट किया जाता है। ब्लास्ट का कंपन इतना अधिक होता है की मानो चलते स्कूल मे भूकंप आ गया हो।
इतना ही नही ब्लास्टिंग के बाद पत्थर के छोटे छोटे कंड़ स्कूल के बाहर खेल रहे बच्चों को भी लगता है, जिसके चलते कई बार स्कूली छात्र छात्राएं चोटिल भी हो गए है। इसके साथ ही ब्लास्ट के चलते स्कूल भवन में जगह जगह दरार पड़ गया है। इस पूरे ब्लास्टिंग और उससे होने नुकसान के बारे में स्कूल के प्राचार्य और गांव के लोगों ने कई बार शिकायत किया लेकिन शिकायत के बाद भी किसी तरह की कोई कार्रवाई नही होने के चलते स्कूली बच्चे डर और दहशत के साए में पढ़ने के लिए मजबूर है।



