
जांजगीर-चांपा में दोपहर चेकिंग अभियान: 6 शराबी चालक पकड़े, 93 पर MV एक्ट के तहत कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने दुर्घटनाओं के समय का अध्ययन किया, जिसमें पाया गया कि अधिकांश दुर्घटनाएं दिन के समय हो रही हैं और कई मामलों में चालक शराब के नशे में वाहन चला रहे होते हैं। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में दोपहर के समय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
आज दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर सघन जांच की गई। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों को पकड़ा गया और उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा तेज गति, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 93 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोपहर के समय भी शराब सेवन कर वाहन चलाने की प्रवृत्ति दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है, जिसे आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जनहानि से बचाव हो सके।



